जलजनित बीमारियों की रोकथाम एवं स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करने के लिए जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर पहुंचे जलभराव वाले क्षेत्रों में
जलजनित बीमारियों की रोकथाम एवं स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करने के लिए जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर पहुंचे जलभराव वाले क्षेत्रों में
धमतरी। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है। बारिश के मौसम में जलजनित बीमारियों की बढ़ती आशंका को देखते हुए नगर निगम धमतरी के जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर ने निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विभिन्न जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिकों तक हर हाल में स्वच्छ, सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल पहुंचना चाहिए तथा पेयजल पाइपलाइन में किसी भी प्रकार से गंदे पानी का मिश्रण न होने पाए।
निरीक्षण के दौरान अखिलेश सोनकर ने कहा कि वर्षा ऋतु में थोड़ी सी लापरवाही भी हैजा, टायफाइड, डायरिया, पीलिया जैसी जलजनित बीमारियों को बढ़ावा दे सकती है। इसलिए नगर निगम का जल विभाग पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहा है। जिन क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, वहां पेयजल पाइपलाइन, वाल्व, लीकेज तथा जलापूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। जहां भी किसी प्रकार की तकनीकी समस्या सामने आएगी, उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलापूर्ति से पूर्व पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच कराई जाए तथा आवश्यकता अनुसार क्लोरीनेशन सहित सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम धमतरी की पूरी टीम शहरवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। निगम का उद्देश्य है कि बारिश के मौसम में किसी भी नागरिक को दूषित पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी वार्ड या मोहल्ले में नलों से गंदा पानी आ रहा हो, पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो या पेयजल आपूर्ति से संबंधित कोई अन्य समस्या दिखाई दे, तो उसकी सूचना तत्काल नगर निगम को दें, ताकि संबंधित समस्या का त्वरित निराकरण किया जा सके।
नगर निगम धमतरी ने नागरिकों से भी अपील की है कि वर्षा ऋतु में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें तथा यदि किसी भी प्रकार की पेयजल संबंधी समस्या, गंदा पानी, पाइपलाइन लीकेज या जलापूर्ति में बाधा जैसी स्थिति उत्पन्न होती है, तो तत्काल नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर 7000247504, 7987345666, 9827946913 एवं 9131055180 पर संपर्क करें। प्राप्त शिकायतों पर निगम की टीम तत्काल कार्रवाई करते हुए समस्या का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करेगी।
नगर निगम प्रशासन ने कहा है कि नागरिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा बारिश के मौसम में जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं। नागरिकों के सहयोग से ही स्वच्छ, सुरक्षित एवं निर्बाध पेयजल व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।



