धमतरी में 8 और 9 अगस्त को सजेगा सीजी-05 एक्सपो, नई मंडी बनेगी लाइट-साउंड कारोबार का केंद्र

धमतरी में 8 और 9 अगस्त को सजेगा सीजी-05 एक्सपो, नई मंडी बनेगी लाइट-साउंड कारोबार का केंद्र
धमतरी। शहर की नई कृषि उपज मंडी में 8 एवं 9 अगस्त को सीजी-05 एक्सपो इवेंट का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय इस आयोजन में लाइट एवं साउंड उद्योग से जुड़ी देश की कई प्रतिष्ठित कंपनियां, डीलर और व्यापारी अपने नवीनतम उत्पादों एवं तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे। एक्सपो में छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में व्यापारियों और आगंतुकों के पहुंचने की संभावना है।
आयोजक यूनिटी इवेंट्स की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में बताया गया कि धमतरी में वर्ष 2022 से शुरू हुआ यह आयोजन आज राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुका है। इस एक्सपो का मुख्य उद्देश्य लाइट एवं साउंड व्यवसाय को बढ़ावा देना, व्यापारियों और ग्राहकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा धमतरी को व्यापारिक एवं पर्यटन की दृष्टि से नई पहचान दिलाना है।
आयोजकों ने बताया कि एक्सपो में नवीनतम साउंड सिस्टम, प्रोफेशनल लाइटिंग, ऑडियो उपकरण और आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। इससे व्यापारियों को नए उत्पादों की जानकारी मिलने के साथ-साथ ग्राहकों को भी गुणवत्ता युक्त सामग्री एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। बड़ी-बड़ी कंपनियां अपने डीलरों के माध्यम से इस आयोजन में भाग लेंगी, जिससे व्यापार में पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा।
यूनिटी इवेंट्स के सदस्यों ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल व्यापार बढ़ाना ही नहीं, बल्कि साउंड इंडस्ट्री में गुणवत्ता, मधुर ध्वनि और ध्वनि प्रदूषण के प्रति जागरूकता लाना भी है। उन्होंने बताया कि उद्योग से जुड़े लोगों को आधुनिक तकनीकों और जिम्मेदार उपयोग के प्रति भी प्रेरित किया जाएगा, ताकि इस क्षेत्र को नई दिशा मिल सके।
प्रेस वार्ता में आयोजक बृजेश कुमार गजेंद्र, ज्वाला प्रसाद दुबे, तमेश साहू, मुशाहिद रज़ा, सलीम रज़ा, लालचंद सिन्हा, यशवंत कमड़े, आशीष साहू और बेनीराम साहू उपस्थित रहे। उन्होंने प्रदेश एवं अन्य राज्यों के व्यापारियों, डीलरों तथा आम नागरिकों से 8 एवं 9 अगस्त को आयोजित सीजी-05 एक्सपो में शामिल होने का आग्रह किया।



