छत्तीसगढ़

अटल प्रतिमा मामले की पूरे प्रदेश में हो जांच : अजय चंद्राकर

स्मार्ट मीटर और बस्तर पंडुम को लेकर कांग्रेस पर भी साधा निशाना

रायपुर। कटघोरा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कांस्य प्रतिमा की जगह कथित तौर पर सीमेंट की प्रतिमा लगाए जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने मामले को गंभीर बताते हुए पूरे प्रदेश में स्थापित अटल प्रतिमाओं की जांच कराने की मांग की है।

शनिवार को पत्रकारों से चर्चा में चंद्राकर ने कहा कि मामले में केवल एक सब इंजीनियर का निलंबन पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार को पूरे प्रदेश में स्थापित अटल प्रतिमाओं का परीक्षण कराना चाहिए और यदि कहीं भी अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

बस्तर पंडुम को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर पलटवार करते हुए चंद्राकर ने कहा कि किसी भी सरकारी आयोजन में हुए खर्च का ऑडिट होता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन कांग्रेस शासनकाल के राजीव मितान क्लब की तरह फर्जी नहीं है। कांग्रेस बिना तथ्यों के आरोप लगाकर राजनीतिक बयानबाजी कर रही है।

स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर कांग्रेस के राज्यव्यापी आंदोलन पर भी भाजपा विधायक ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस मुद्दे पर आंदोलन करने के बजाय पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जवाब मांगना चाहिए। चंद्राकर ने दावा किया कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही शुरू हुई थी और इसकी जानकारी तत्कालीन सरकार से ली जानी चाहिए।

Author Desk

Related Articles

Back to top button