छत्तीसगढ़

बोल बम सेवा समिति कुरूद का 275 श्रद्धालुओं का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना

26 वर्षों से जारी है आस्था की अविरल यात्रा

बोल बम सेवा समिति कुरूद का 275 श्रद्धालुओं का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना

26 वर्षों से जारी है आस्था की अविरल यात्रा

कुरूद। सावन माह की पावन बेला में शिवभक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा उस समय देखने को मिला जब बोल बम सेवा समिति कुरूद के तत्वावधान में 275 श्रद्धालुओं का विशाल जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) के लिए रवाना हुआ। समिति के 26 वर्षों के गौरवशाली सफर में अब तक 10 हजार से अधिक शिवभक्तों को बाबा बैद्यनाथ धाम की काँवर यात्रा कराने का उल्लेखनीय कार्य किया जा चुका है।

समिति के अध्यक्ष भानु चन्द्राकर ने बताया कि इस वर्ष यात्रा की सभी तैयारियां पहले से ही पूरी कर ली गई थीं। शनिवार को 130 शिवभक्त तीन एयर कंडीशनर बसों के माध्यम से तथा 145 से अधिक श्रद्धालु ट्रेन से बाबा धाम के लिए रवाना हुए। इस प्रकार कुल 275 श्रद्धालु सावन के प्रथम सोमवार को सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर भगवान बाबा बैद्यनाथ के दरबार में जलाभिषेक करेंगे।

यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व दोपहर 2 बजे समिति के सभी सदस्य बाबा बैद्यनाथ मंदिर, केनाल रोड, कुरूद से नगर की आराध्य देवी माँ चण्डी मंदिर एवं जलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मंगल यात्रा का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर कुरूद विधायक अजय चन्द्राकर एवं नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर ने माँ चण्डी मंदिर पहुंचकर सभी काँवरियों का स्वागत किया तथा उनकी सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। जनप्रतिनिधियों ने समिति द्वारा वर्षों से किए जा रहे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरव बताया।

समिति के अनुसार सावन के पहले सोमवार को सभी श्रद्धालु सुल्तानगंज की पावन गंगा नदी से जल उठाकर 105 किलोमीटर की पैदल काँवर यात्रा प्रारंभ करेंगे। लगभग चार दिनों की कठिन पदयात्रा के बाद गुरुवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद दूसरे लोटे का जल फौजदारी बाबा बासुकीनाथ धाम, जो लगभग 40 किलोमीटर दूर स्थित है, में अर्पित कर यात्रा का समापन करेंगे।

भानु चन्द्राकर ने कहा कि पिछले वर्ष समिति ने अपनी रजत जयंती बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई थी। पिछले 26 वर्षों से यह यात्रा बिना किसी रुकावट के निरंतर जारी है। बाबा बैद्यनाथ की कृपा और शिवभक्तों के सहयोग से अब तक 10 हजार से अधिक श्रद्धालु इस पवित्र यात्रा का लाभ प्राप्त कर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, शिवभक्ति और सामाजिक एकता का महापर्व है। समिति के सभी पदाधिकारी और सदस्य इस परंपरा को आगे भी निरंतर जारी रखने के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि सावन माह में भगवान शिव के मंदिरों में जलाभिषेक कर बाबा बैद्यनाथ से सुख, समृद्धि और मनोकामना पूर्ति का आशीर्वाद प्राप्त करें।

“बोल बम… हर हर महादेव… जय बाबा बैद्यनाथ… जय कुरूद” के गगनभेदी जयघोष के बीच श्रद्धालुओं का जत्था बाबा धाम की ओर रवाना हुआ।

Author Desk

Related Articles

Back to top button