ग्राम अछोटा में स्व. रमेश देवांगन की प्रथम पुण्यतिथि पर एक दिवसीय रामचरितमानस व्याख्यान का आयोजन, राम कथा का रसपान करने उमड़े श्रद्धालु

ग्राम अछोटा में स्व. रमेश देवांगन की प्रथम पुण्यतिथि पर एक दिवसीय रामचरितमानस व्याख्यान का आयोजन, राम कथा का रसपान करने उमड़े श्रद्धालु
धमतरी- अछोटा में स्व. रमेश देवांगन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर पीयूष देवांगन एवं देवांगन परिवार द्वारा एक दिवसीय रामचरितमानस व्याख्यान एवं मानस सम्मेलन का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन देवांगन धर्मशाला, दुर्गा मंदिर के पास, बाजार चौक अछोटा में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मानस व्याख्याकार एवं टीकाकार ने रामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन करते हुए भगवान राम के आदर्श जीवन, मर्यादा, सेवा और धर्म के महत्व पर प्रकाश डाला। उनके प्रेरणादायी व्याख्यान को सुनने बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राज मानस संघ, धमतरी (छत्तीसगढ़) के पदाधिकारी एवं सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने स्व. रमेश देवांगन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सामाजिक एवं धार्मिक योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन एवं राम नाम संकीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजन समिति ने सभी आगंतुकों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।
वर्तमान में मानस व्याख्यान एवं रामकथा की श्रृंखला ग्राम करैहा (गट्टासिल्ली) में भी अनवरत जारी है, जहां श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर राम कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कथा में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की।



