बाईपास खेत से गुजरी 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने से किसान घायल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल-चाल

बाईपास खेत से गुजरी 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने से किसान घायल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल-चाल
ग्राम पंचायत मुजगहन के बाईपास क्षेत्र स्थित खेत में कार्य के दौरान 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने से किसान नीलकंठ साहू गंभीर रूप से करंट की चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद परिजनों एवं ग्रामीणों की सहायता से उन्हें उपचार हेतु जिला अस्पताल धमतरी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत सदस्य एवं स्वास्थ्य विभाग की सभापति श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन जिला अस्पताल पहुंचीं और घायल किसान नीलकंठ साहू का हाल-चाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से मरीज के स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा परिजनों से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के संबंधित डॉक्टरों को घायल किसान का बेहतर एवं समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन ने कहा कि,
“यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। किसानों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रशासन एवं विद्युत विभाग को ऐसे स्थानों का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। घायल किसान को हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर शासन स्तर पर भी आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।”
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा खेतों एवं आबादी क्षेत्र से गुजर रही जर्जर एवं झूलती हुई विद्युत लाइनों का शीघ्र सर्वेक्षण कर उन्हें सुरक्षित एवं व्यवस्थित करने की मांग भी की।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए क्षेत्र में गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।



