छत्तीसगढ़

दो माह से वेतन नहीं मिलने पर निगम कर्मचारियों में नाराजगी, आयुक्त से शीघ्र भुगतान की मांग

दो माह से वेतन नहीं मिलने पर निगम कर्मचारियों में नाराजगी, आयुक्त से शीघ्र भुगतान की मांग

धमतरी-नगर पालिक निगम धमतरी के कर्मचारियों को जून एवं जुलाई 2026 का वेतन अब तक नहीं मिलने से कर्मचारियों में भारी नाराजगी व्याप्त है। वेतन भुगतान में लगातार हो रही देरी के कारण कर्मचारियों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर नवयुक्त अधिकारी/कर्मचारी कल्याण संघ छत्तीसगढ़ ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर लंबित वेतन एवं आठ माह से बकाया ईपीएफ राशि का तत्काल भुगतान कराने की मांग की है।

संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि 5 अगस्त 2026 तक भी नगर निगम कर्मचारियों को जून और जुलाई माह का वेतन प्राप्त नहीं हुआ है। समय पर वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों के सामने परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। बच्चों की स्कूल फीस, मेडिकल खर्च, बैंक ऋण की किस्तें, घरेलू आवश्यकताओं सहित अन्य दैनिक खर्चों का वहन करने में कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि आने वाले दिनों में हरेली और रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण त्योहार हैं। ऐसे समय में कर्मचारियों को वेतन की अत्यंत आवश्यकता है, ताकि वे अपने परिवार के साथ त्योहार मना सकें और आर्थिक दायित्वों का निर्वहन कर सकें। वेतन भुगतान में देरी से कर्मचारियों में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है।

संघ ने आयुक्त से आग्रह किया है कि कर्मचारियों की समस्याओं और आर्थिक परिस्थितियों को गंभीरता से देखते हुए जून एवं जुलाई 2026 का लंबित वेतन तत्काल जारी किया जाए। साथ ही कर्मचारियों की पिछले आठ माह से लंबित ईपीएफ राशि का भी शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

संघ का कहना है कि समय पर वेतन भुगतान कर्मचारियों का अधिकार है। यदि नियमित रूप से वेतन मिलता रहेगा तो कर्मचारी भी पूरी निष्ठा और मनोयोग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे। उन्होंने प्रशासन से कर्मचारियों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने की अपेक्षा जताई है।

कर्मचारियों की समस्याओं से आमजन एवं संबंधित अधिकारी अवगत हो सकें। अब कर्मचारियों की निगाहें नगर निगम प्रशासन के निर्णय पर टिकी हैं कि लंबित वेतन और ईपीएफ राशि का भुगतान कब तक किया जाता है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button