हर वार्डवासी तक पहुंचे स्वास्थ्य सुविधा, शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं : नीलेश लूनिया
धमतरी में तीन दिवसीय आयुष्मान आरोग्य एवं X-Ray जांच शिविर का आयोजन, सदर उत्तर, साहलेवार पारा और आमापारा वार्ड में लगेंगे शिविर

हर वार्डवासी तक पहुंचे स्वास्थ्य सुविधा, शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं : नीलेश लूनिया
धमतरी में तीन दिवसीय आयुष्मान आरोग्य एवं X-Ray जांच शिविर का आयोजन, सदर उत्तर, साहलेवार पारा और आमापारा वार्ड में लगेंगे शिविर
धमतरी। नगर निगम धमतरी के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग द्वारा नागरिकों को उनके वार्ड के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 10, 11 एवं 12 अगस्त को तीन दिवसीय आयुष्मान आरोग्य एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में निःशुल्क X-Ray जांच, स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श के साथ आयुष्मान कार्ड और आभा ID बनाने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के सभापति नीलेश लूनिया ने बताया कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद नागरिकों को उनके घर के आसपास ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने वार्डवासियों से अपील की है कि वे शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाएं और अपने परिवार के सदस्यों की भी जांच करवाएं।
उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को सदर उत्तर वार्ड में सदर उत्तर आंगनबाड़ी, जिम भवन के पास, 11 अगस्त को साहलेवार पारा वार्ड के सामुदायिक भवन तथा 12 अगस्त को आमापारा वार्ड के सिंधी धर्मशाला भवन में शिविर आयोजित किया जाएगा। तीनों शिविर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित होंगे।
नीलेश लूनिया ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज की नींव हैं। हमारा प्रयास है कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचे। शिविर में X-Ray जांच, स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार और चिकित्सकीय परामर्श के साथ आयुष्मान कार्ड एवं आभा ID बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने नागरिकों से विशेष रूप से अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों ने अभी तक आयुष्मान कार्ड एवं आभा ID की प्रक्रिया पूरी नहीं की है, वे शिविर में पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराएं। जिन नागरिकों ने अभी तक अपने आधार कार्ड की फोटो कॉपी जमा नहीं की है, वे संबंधित वार्ड की मितानिन अथवा ANM कार्यकर्ता के पास आधार की फोटो कॉपी जमा करें, ताकि आवश्यक प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
नीलेश लूनिया ने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक स्वास्थ्य सुविधा और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने तीनों वार्डों के नागरिकों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।



