अवैध प्लाटिंग पर प्रशासन का चला बुलडोजर, पोटियाडीह में जेसीबी से खुलवाई बंद नाली
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, प्लाट चिन्हांकन के सीमेंट पोल भी उखाड़े गए

अवैध प्लाटिंग पर प्रशासन का चला बुलडोजर, पोटियाडीह में जेसीबी से खुलवाई बंद नाली
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, प्लाट चिन्हांकन के सीमेंट पोल भी उखाड़े गए
धमतरी- जिले में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए ग्राम पोटियाडीह में बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से मिली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर एसडीएम धमतरी के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बिना अनुमति की जा रही प्लाटिंग के लिए किए गए निर्माण एवं चिन्हांकन को हटाया।
ग्राम पोटियाडीह के पटवारी हल्का नंबर-27 में की गई इस कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग की टीम ने संबंधित भूमि के खसरा नंबर 773/3, 774/1, 772/1, 772/2 एवं 773/2 का स्थल निरीक्षण किया। जांच के दौरान सामने आया कि प्लाटिंग के उद्देश्य से नाली को बंद कर दिया गया था। प्रशासन ने तत्काल जेसीबी की मदद से बंद नाली को दोबारा खुलवाया, जिससे प्राकृतिक जल निकासी व्यवस्था सुचारू हो सके और बारिश के पानी की निकासी में किसी तरह की बाधा न आए।
सीमेंट पोल भी उखाड़कर हटाए
कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। प्रस्तावित प्लाटों के सीमांकन और चिन्हांकन के लिए लगाए गए सीमेंट के पोल को भी प्रशासनिक टीम ने उखाड़कर हटा दिया। मौके पर की जा रही अनधिकृत गतिविधियों को हटाते हुए प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि बिना सक्षम अनुमति के जमीन की प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान ग्राम पंचायत पोटियाडीह की सरपंच, उपसरपंच, तहसीलदार श्री शिवेंद्र कुमार सहित राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कलेक्टर की दो टूक—अवैध प्लाटिंग बर्दाश्त नहीं
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने जिले में अवैध प्लाटिंग को लेकर पहले भी स्पष्ट चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि बिना सक्षम अनुमति के की जा रही अवैध प्लाटिंग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ग्रामीणों और आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेकर स्थल निरीक्षण किया जाए और नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया है कि अनधिकृत रूप से भूमि का प्लाटिंग कर उसका विक्रय करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जिले में अवैध प्लाटिंग से जुड़े मामलों की लगातार निगरानी करने और प्रत्येक प्रकरण में समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
नागरिकों को भी प्रशासन की सलाह
जिला प्रशासन का कहना है कि अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई का उद्देश्य केवल अनधिकृत कॉलोनियों के विस्तार को रोकना ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों को बिना अनुमति विकसित किए जा रहे भूखंडों की खरीद से होने वाले आर्थिक और कानूनी नुकसान से बचाना भी है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी जमीन या प्लाट की खरीदारी करने से पहले उसके दस्तावेज, वैधता, भूमि उपयोग, आवश्यक अनुमतियां और संबंधित अभिलेखों की अच्छी तरह जांच कर लें। बिना जांच-पड़ताल के अवैध रूप से विकसित प्लाट खरीदना भविष्य में परेशानी का कारण बन सकता है।
पोटियाडीह में हुई इस कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिले में अनधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।



