छत्तीसगढ़

भाजपा के पुराने प्रशिक्षण कार्यक्रम के वीडियो को 15 अगस्त से जोड़कर भ्रामक प्रचार का आरोप, भानु चंद्राकर ने कुरूद थाने में दी शिकायत

भाजपा विधायक अजय चंद्राकर द्वारा तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराने की खबर को बताया फर्जी, साइबर अपराध के तहत कार्रवाई की मांग

भाजपा के पुराने प्रशिक्षण कार्यक्रम के वीडियो को 15 अगस्त से जोड़कर भ्रामक प्रचार का आरोप, भानु चंद्राकर ने कुरूद थाने में दी शिकायत

 

भाजपा विधायक अजय चंद्राकर द्वारा तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराने की खबर को बताया फर्जी, साइबर अपराध के तहत कार्रवाई की मांग

 

कुरूद। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो को लेकर भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि कुरूद भानु चंद्राकर ने गंभीर आपत्ति जताई है। भानु चंद्राकर का आरोप है कि मार्च 2026 में भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बनाया गया एक ओरिजनल वीडियो कुछ न्यूज चैनलों एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भ्रामक तरीके से प्रसारित कर यह प्रचार किया जा रहा है कि 15 अगस्त 2026 को कुरूद विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराया।

 

भानु चंद्राकर के अनुसार, 22-23 मार्च 2026 को कुरूद नगर के स्वामी विवेकानंद मंगल भवन में भाजपा का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व भाजपा की रीति-नीति एवं सिद्धांतों पर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत पार्टी का ध्वज अस्थायी रूप से फहराया गया था। इसी अवसर का वीडियो उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से मूल रूप में पोस्ट किया था।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि उनके द्वारा पोस्ट किए गए इसी पुराने ओरिजनल वीडियो को कुछ न्यूज चैनलों द्वारा गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया गया और इसे 15 अगस्त 2026 के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम से जोड़कर खबर प्रसारित की गई। भानु चंद्राकर का कहना है कि इस वीडियो के माध्यम से यह भ्रम फैलाया गया कि कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रध्वज तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराया।

 

कांग्रेस के सोशल मीडिया पोस्ट पर भी जताई आपत्ति

 

भानु चंद्राकर ने आरोप लगाया कि इस कथित भ्रामक वीडियो को राष्ट्रीय कांग्रेस के मुख्य सोशल मीडिया पेज से भी प्रसारित किया गया और यह दावा किया गया कि 15 अगस्त को तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराया गया। उन्होंने इसे तथ्यहीन एवं भ्रामक प्रचार बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।

 

उन्होंने कहा कि मार्च में हुए भाजपा प्रशिक्षण कार्यक्रम और 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को अलग-अलग घटनाओं को जोड़कर प्रस्तुत किया गया है। उनके अनुसार, इससे आम जनता में भ्रम की स्थिति पैदा हुई और भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं की भावनाएं भी आहत हुई हैं।

 

कुरूद थाने पहुंचकर की कार्रवाई की मांग

 

भानु चंद्राकर ने बताया कि इस मामले को लेकर भाजपा कुरूद संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस थाना कुरूद पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में कथित तौर पर फर्जी एवं भ्रामक खबर प्रसारित करने वाले न्यूज चैनलों तथा सोशल मीडिया पर इस सामग्री को प्रसारित करने वालों के खिलाफ साइबर अपराध के तहत जांच एवं कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।

 

उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर वीडियो के मूल स्रोत, उसकी तारीख और उसे किस प्रकार अलग संदर्भ में प्रसारित किया गया, इसकी जांच करने की मांग की है।

 

भानु चंद्राकर ने लोगों से की अपील

 

भानु चंद्राकर ने नगरवासियों, क्षेत्रवासियों, प्रदेश एवं देशवासियों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी वीडियो या खबर को बिना सत्यापन के आगे शेयर न करें। उन्होंने कहा कि पुराने वीडियो को नए घटनाक्रम से जोड़कर प्रस्तुत करने से आम जनता भ्रमित होती है।

 

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से इस कथित भ्रामक प्रचार का खंडन एवं निंदा करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि पूरे मामले की वास्तविकता सामने लाने के लिए पुलिस जांच आवश्यक है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

 

भानु चंद्राकर ने अंत में सभी से राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के लिए गौरव का पर्व है और इस अवसर से संबंधित किसी भी सूचना को साझा करते समय तथ्यों की पुष्टि करना जरूरी है।

 

— भानु चंद्राकर

पूर्व जिला उपाध्यक्ष, भाजपा धमतरी

विधायक प्रतिनिधि, कुरूद

Author Desk

Related Articles

Back to top button