छत्तीसगढ़

टीईटी की अनिवार्यता खत्म करने सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर शिक्षकों ने निकाली रैली

सैकड़ों शिक्षकों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

टीईटी की अनिवार्यता खत्म करने सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर शिक्षकों ने निकाली रैली

सैकड़ों शिक्षकों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

धमतरी। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर बुधवार को जिले के सैकड़ों शिक्षकों ने टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर रैली निकाली। शिक्षकों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए एकजुटता और आक्रोश का प्रदर्शन किया। रैली जनपद पंचायत धमतरी से शुरू होकर कलेक्टर कार्यालय पहुंची, जहां मुख्यमंत्री, स्कूल शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव एवं लोक शिक्षण संचालनालय के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न विकासखंडों से शिक्षक दोपहर 2 बजे जनपद पंचायत धमतरी में एकत्रित हुए। इसके बाद बड़ी संख्या में महिला शिक्षकों, ब्लॉक एवं संकुल पदाधिकारियों तथा विभिन्न संवर्गों के शिक्षकों ने रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय की ओर कूच किया।

ये हैं शिक्षकों की प्रमुख मांगें

शिक्षकों ने टीईटी की अनिवार्यता समाप्त कर सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने, पूर्व सेवा की गणना प्रथम नियुक्ति तिथि से करते हुए पुरानी पेंशन सहित सभी लाभ देने, शिक्षकों को केंद्रीय वेतनमान का लाभ प्रदान करने की मांग की। इसके साथ ही 13 फरवरी 2026 के राजपत्र एवं पदोन्नति संबंधी प्रावधानों में एलबी संवर्ग के हित में आवश्यक संशोधन तथा शिक्षा विभाग द्वारा योजना बनाकर ब्रिज कोर्स के माध्यम से शिक्षक संवर्ग को बीएड प्रशिक्षित कराने की मांग रखी गई।

छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष एवं शिक्षक संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक अमित महोबे ने कहा कि शिक्षकों ने वर्षों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ शिक्षा व्यवस्था को मजबूती प्रदान की है। ऐसे में सेवारत शिक्षकों पर टीईटी की अनिवार्यता लागू करना उनके अनुभव और सेवा सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना, वेतन विसंगति दूर करने सहित सभी मांगों पर शासन से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।

अमित महोबे ने कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो प्रांतीय निर्देशानुसार आगामी समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। रैली में शिक्षकों की बड़ी संख्या ने अपनी एकता, अनुशासन और संघर्ष की प्रतिबद्धता का संदेश दिया।

रैली एवं ज्ञापन कार्यक्रम में मामता खालसा, हरीश सिन्हा, लोमस प्रसाद साहू, शेषनारायण गजेंद्र, देवेश साहू, दीपक सहारे, आलोक मत्स्यपाल, शोभा गुप्ता, गौरी गुप्ता, मंजूलता शर्मा, वासंती देवांगन, प्रदीप सिन्हा, भोजराम साहू, पुरुषोत्तम निषाद, मोहित बनपेला, आत्माराम साहू, निरंजन साहू, नंदलाल कश्यप, भूषण सिंह, पदम साहू, पवन परिहार, हुमन चंद्राकर, जयंत साहू सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

संयुक्त शिक्षक संगठन जिला धमतरी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिले के सभी शिक्षक साथियों, महिला पदाधिकारियों तथा ब्लॉक, संकुल एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

Author Desk

Related Articles

Back to top button