रायपुर पहुंचे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत; AIIMS के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

रायपुर। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर राज्यपाल रमेन डेका, डिप्टी CM विजय शर्मा समेत प्रदेश सरकार के मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। रायपुर पहुंचने के बाद उपराष्ट्रपति एयरपोर्ट से सीधे AIIMS रायपुर के लिए रवाना होंगे। यहां वे AIIMS के तीसरे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
AIIMS के तीसरे दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
दीक्षांत समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को डिग्री एवं सम्मान प्रदान करेंगे। समारोह में AIIMS के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और संस्थान से जुड़े अधिकारियों की मौजूदगी रहेगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
उपराष्ट्रपति के रायपुर दौरे को देखते हुए एयरपोर्ट से लेकर AIIMS परिसर तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उनके काफिले के निर्धारित रूट पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। उपराष्ट्रपति का AIIMS दौरा चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।



