‘जातिवाद की चाय’ को लेकर बीजेपी का पोस्टर वार, कांग्रेस नेताओं पर साधा निशाना

राहुल गांधी, भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव और शिव डहरिया को पोस्टर में चाय परोसते दिखाया
रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर पोस्टर वार तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने ‘जातिवाद की चाय’ को लेकर एक पोस्टर जारी कर कांग्रेस पर निशाना साधा है। पोस्टर में राहुल गांधी, भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव और शिव डहरिया को चाय परोसते हुए दिखाया गया है। भाजपा ने पोस्टर के जरिए कांग्रेस पर जातिवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया है। पोस्टर में लिखा गया है, “चाय एक ही है, लेकिन कांग्रेस में कप और व्यवहार आज भी हैसियत देखकर बदलते हैं।” भाजपा के इस पोस्टर के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में सियासी बयानबाजी तेज होने के आसार हैं। पार्टी ने पोस्टर के जरिए कांग्रेस के भीतर सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए विपक्षी दल पर हमला बोला है। भाजपा की ओर से जारी पोस्टर को लेकर कांग्रेस की प्रतिक्रिया का इंतजार है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच राजनीतिक वार-पलटवार और तेज हो सकता है।



