श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सिद्धेश्वर युवा मंच का भव्य आयोजन
130 बच्चों ने राधा-कृष्ण फैंसी ड्रेस में बिखेरी मनमोहक छटा, दही हांडी व विभिन्न प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सिद्धेश्वर युवा मंच का भव्य आयोजन
130 बच्चों ने राधा-कृष्ण फैंसी ड्रेस में बिखेरी मनमोहक छटा, दही हांडी व विभिन्न प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह
बलौदा बाजार से ब्यूरो प्रमुख राजेश्वर गिरी की रिपोर्ट।
बलौदा बाजार ( प्रखर )। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सिद्धेश्वर युवा मंच पलारी द्वारा आयोजित भव्य जन्माष्टमी समारोह श्रद्धा, उमंग और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगरवासी एवं बच्चे शामिल हुए। आयोजन का मुख्य आकर्षण राधा-कृष्ण फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता रही, जिसमें करीब 130 बच्चों ने भाग लेकर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने राधा-कृष्ण के रूप में सजकर भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और भक्ति भाव को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सिद्धेश्वर युवा मंच के संरक्षक हितेंद्र ठाकुर, गोपी साहू एवं मनीष चंद्राकर ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर किया। इस दौरान बच्चों द्वारा राधा-कृष्ण गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिसने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
दही हांडी प्रतियोगिता में दिखा जोश
दही हांडी प्रतियोगिता में बालक वर्ग में घनश्याम ग्रुप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग में राधे-राधे ग्रुप विजेता रहा। आंख बंद मटका फोड़ प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में छाया तिवारी, रिया ध्रुव, रोशनी सागर एवं लक्ष्मी देवांगन तथा बालक वर्ग में यशवंत जायसवाल, गोपी धीवर एवं शुभम वर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया।
बच्चों के उत्साह को बढ़ाने के लिए उछल-कूद खेल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें शौर्य वर्मा, मान्यता कुर्रे एवं माही धीवर विजेता रहे।
राधा-कृष्ण के रूप में बच्चों ने जीता दिल
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बेस्ट राधा के रूप में रीवा रावत, तनवी चंद्राकर एवं गौरी बारले तथा बेस्ट कृष्णा के रूप में बिहान देवांगन, काव्यांश वर्मा एवं शिब्बू धीवर का चयन किया गया। सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कसडोल विधायक संदीप साहू विशेष रूप से शामिल हुए और विजेताओं एवं प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए आकर्षक पुरस्कार एवं नगद इनाम प्रदान किए।
विधायक संदीप साहू ने कहा
“श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे आयोजन हमारी संस्कृति और संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। सिद्धेश्वर युवा मंच ने बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए शानदार मंच प्रदान किया है। 130 बच्चों की सहभागिता यह बताती है कि पलारी में हमारी संस्कृति और परंपराओं के प्रति लोगों का जुड़ाव कितना मजबूत है। ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए।”
संरक्षक हितेंद्र ठाकुर ने कहा
“बच्चों में छिपी प्रतिभा को मंच देना और उन्हें हमारी संस्कृति से जोड़ना ही इस आयोजन का उद्देश्य है। जिस उत्साह के साथ बच्चों और नगरवासियों ने सहभागिता की, उससे आयोजन की सफलता और सार्थकता सिद्ध हुई। सिद्धेश्वर युवा मंच आगे भी सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज को जोड़ने का कार्य करता रहेगा।”
नगर पंचायत अध्यक्ष गोपी साहू ने कहा
“जन्माष्टमी का यह आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कार और सामूहिक एकता का पर्व है। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों और नगरवासियों के सहयोग ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। सभी प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा से आयोजन की शोभा बढ़ाई।”
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सिद्धेश्वर युवा मंच के सभी सदस्यों एवं सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में नगर पंचायत उपाध्यक्ष पिंटू वर्मा, सिद्धेश्वर युवा मंच अध्यक्ष सौरभ वर्मा, साधराम साहू, शेरखान, हर्ष वर्मा, गोलू वर्मा, खोमेश वर्मा, शिवम मिश्रा, गोवर्धन यादव, सुल्तान मिर्जा, हयात खान, तिलक बंजारे, अंकित जोशी, खिलेंद्र बांधे, राघव रजक, रोशन यदु, अनिकेत टंडन, सीनू जांगड़े, कुणाल कोसले, महेश्वर यादव, तुषार, सौरभ, प्रियांशु, चिराग, अमन, बिक्की सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में नवीन कुर्रे द्वारा श्रद्धालुओं एवं उपस्थित लोगों के लिए प्रसाद वितरण किया गया। प्रसाद वितरण के साथ आयोजन का समापन हुआ।



