पीएम आवास पर भूपेश बघेल और विजय शर्मा रायपुर प्रेस क्लब में आमने-सामने

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष की सियासी तकरार अब आमने-सामने की बहस में बदल गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा आज रायपुर प्रेस क्लब में पीएम आवास योजना के मुद्दे पर बहस कर रहे हैं। दोनों नेताओं के आमने-सामने आने से पहले ही सियासी माहौल गरमा गया है। पीएम आवास को लेकर कांग्रेस लंबे समय से भाजपा सरकार पर सवाल उठाती रही है। वहीं, सत्ता में आने के बाद भाजपा सरकार ने प्रदेश में 18 लाख पीएम आवास बनाने का लक्ष्य रखा था। इसी मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल को खुली बहस की चुनौती दी थी, जिसे बघेल ने स्वीकार कर लिया।
बहस से पहले सरकार ने जारी किए आंकड़े
बहस से पहले विजय शर्मा की ओर से पीएम आवास योजना से जुड़े आंकड़े जारी किए गए हैं। दस्तावेज के मुताबिक, विभिन्न घटकों को मिलाकर 18,12,742 आवास शामिल हैं। नई सरकार बनने के बाद 13,17,352 आवास स्वीकृत किए गए, जबकि 11,51,431 आवास पूरे होने का दावा किया गया है। दस्तावेज के अनुसार, 2016 से 2023 के बीच अधूरे रहे 2,46,215 आवासों में से 1,95,441 पूरे किए गए हैं। स्थायी प्रतीक्षा सूची के परिवारों के लिए 6,99,438 आवास का उल्लेख है, जिनमें 5,86,788 स्वीकृत और 4,69,782 पूर्ण बताए गए हैं।
प्रेस क्लब में कड़ी सुरक्षा
दोनों नेताओं की बहस को देखते हुए रायपुर प्रेस क्लब में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है। बहस के दौरान दोनों पक्ष पीएम आवास योजना से जुड़े अपने आंकड़े और दावे सामने रखेंगे। अब नजर इस बात पर है कि किसके आंकड़े भारी पड़ते हैं और कौन किसके आरोपों की काट पेश करता है।



