अटल आवास की छत का प्लास्टर गिरने से व्यक्ति घायल, कांग्रेस पार्षदों ने निगम प्रशासन पर उठाए सवाल
विवेकानंद कॉलोनी के अटल आवास में लंबे समय से जर्जर मकानों की शिकायत का दावा, पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे कांग्रेस पार्षद
अटल आवास की छत का प्लास्टर गिरने से व्यक्ति घायल, कांग्रेस पार्षदों ने निगम प्रशासन पर उठाए सवाल
विवेकानंद कॉलोनी के अटल आवास में लंबे समय से जर्जर मकानों की शिकायत का दावा, पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे कांग्रेस पार्षद
धमतरी। विवेकानंद कॉलोनी स्थित अटल आवास में छत का प्लास्टर गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना के दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी घर में मौजूद थे। गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलने पर नगर निगम के उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन एवं पार्षद सुमन सोमेश मेश्राम पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पीड़ित ने बताया कि छत का प्लास्टर अचानक गिरने से उसके सिर, हाथ और घुटने में चोट आई है। परिवार के छोटे बच्चे भी हादसे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
परिवार का कहना है कि मकान की छत से लंबे समय से पानी का रिसाव हो रहा था और प्लास्टर उखड़ने की शिकायत भी की जा चुकी थी। इसके बावजूद समय पर आवश्यक मरम्मत नहीं कराई गई।
कांग्रेस पार्षदों ने निगम प्रशासन पर लगाए आरोप
कांग्रेस पार्षदों ने आरोप लगाया कि विवेकानंद कॉलोनी के अटल आवास के कई मकान जर्जर स्थिति में हैं। मकानों की दीवारों में दरारें, छत से पानी का रिसाव और प्लास्टर उखड़ने जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। पार्षदों के अनुसार कुछ दिन पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष, विधायक, ब्लॉक अध्यक्षों सहित कांग्रेस की टीम ने अटल आवास का निरीक्षण किया था और इसकी स्थिति से धमतरी कलेक्टर को भी अवगत कराया गया था।
पार्षदों ने कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद निगम प्रशासन द्वारा समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में पर्याप्त कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते जर्जर आवासों की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में गंभीर हादसा हो सकता है।
उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन एवं पार्षद सुमन सोमेश मेश्राम ने कहा कि महापौर को अपने वार्ड सहित पूरे शहर के जर्जर आवासों की स्थिति का संज्ञान लेकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है।
कांग्रेस पार्षदों ने मांग की कि विवेकानंद कॉलोनी के अटल आवासों का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराया जाए तथा जर्जर मकानों की मरम्मत और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।


