छत्तीसगढ़

मरकाटोला घाटी में भीषण सड़क हादसा, खड़े वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर; चार की मौत

हादसे में कई लोग घायल, दो गंभीर घायलों को रायपुर रेफर; जिला अस्पताल में उपचार जारी

मरकाटोला घाटी में भीषण सड़क हादसा, खड़े वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर; चार की मौत

 

हादसे में कई लोग घायल, दो गंभीर घायलों को रायपुर रेफर; जिला अस्पताल में उपचार जारी

 

धमतरी। पुरूर थाना क्षेत्र के मरकाटोला घाटी के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। जगदलपुर में धुमाल बजाने जा रहे लोगों से भरे खड़े वाहन को पीछे से आ रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।

 

बताया जा रहा है कि धुमाल बजाने वाले लोगों का वाहन मरकाटोला घाटी के पास सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने वाहन को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा और घायलों को तत्काल उपचार के लिए धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

 

छह घायलों का जिला अस्पताल में इलाज

 

हादसे में घायल करीब छह लोगों का जिला अस्पताल धमतरी में उपचार चल रहा है। इनमें से दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। जिला अस्पताल में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की टीम घायलों के उपचार में जुटी हुई है।

 

कबीरधाम जिले के रहने वाले बताए जा रहे मृतक और घायल

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में शामिल लोग कबीरधाम जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे जगदलपुर में आयोजित कार्यक्रम में धुमाल बजाने के लिए जा रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिजनों में शोक और चिंता का माहौल है।

 

गृहमंत्री ने लिया संज्ञान, महापौर पहुंचे अस्पताल

 

हादसे की गंभीरता को देखते हुए गृहमंत्री विजय शर्मा ने मामले का संज्ञान लिया। वहीं धमतरी महापौर रामू रोहरा जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से संबंधित उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की स्थिति के संबंध में जानकारी लेते हुए बेहतर उपचार के निर्देश दिए।

 

इधर, पुलिस ने हादसे के संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button