महापौर रामू रोहरा के प्रयास से विमल टॉकीज रोड की 50 साल पुरानी जलभराव की समस्या होगी दूर: मेघराज ठाकुर
अंडरग्राउंड पाइपलाइन से रामसागर तालाब तक होगी बरसाती पानी की निकासी, 27 लाख की स्वीकृति
महापौर रामू रोहरा के प्रयास से विमल टॉकीज रोड की 50 साल पुरानी जलभराव की समस्या होगी दूर: मेघराज ठाकुर
अंडरग्राउंड पाइपलाइन से रामसागर तालाब तक होगी बरसाती पानी की निकासी, 27 लाख की स्वीकृति
धमतरी। विमल टॉकीज रोड और शिव चौक क्षेत्र में बारिश के दिनों में होने वाले जलभराव की वर्षों पुरानी समस्या अब दूर होने जा रही है। महापौर रामू रोहरा के प्रयास से बरसाती पानी की निकासी के लिए अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाने हेतु 27 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है। इस योजना के तहत विमल टॉकीज रोड से बरसाती पानी को भूमिगत पाइपलाइन के माध्यम से रामसागर तालाब तक पहुंचाया जाएगा।
रिसाई पारा पूर्व के पार्षद मेघराज ठाकुर ने बताया कि बारिश के दिनों में शिव चौक और विमल टॉकीज रोड पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर पानी भर जाता है। इससे आवागमन प्रभावित होने के साथ ही दुकानदारों और रहवासियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था। लंबे समय से क्षेत्र के लोग इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे थे।
पार्षद मेघराज ठाकुर ने बताया कि आमापारा क्षेत्र में बरसाती पानी की निकासी के प्रयोग की सफलता के बाद विमल टॉकीज रोड की समस्या को लेकर महापौर रामू रोहरा से आग्रह किया गया था। महापौर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण कराया और समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रस्ताव शासन को भेजा गया, जहां से अब 27 लाख रुपए की स्वीकृति प्राप्त हुई है।
उन्होंने कहा कि योजना के पूरा होने के बाद विमल टॉकीज रोड, शिव चौक सहित आसपास के क्षेत्रों में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से राहत मिलेगी। बेंगलुरु की तर्ज पर अंडरग्राउंड पाइपलाइन के जरिए बरसाती पानी की निकासी कर उसे रामसागर तालाब तक पहुंचाया जाएगा। इससे सड़क पर पानी जमा होने की समस्या का स्थायी समाधान संभव होगा।
पार्षद मेघराज ठाकुर ने कहा कि महापौर रामू रोहरा की दूरदर्शी सोच और विकास के प्रति प्रतिबद्धता के कारण क्षेत्र की करीब 50 वर्ष पुरानी समस्या के समाधान का रास्ता खुला है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए महापौर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहर के विकास में महापौर लगातार ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिनका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिलेगा।
उन्होंने कहा, “विकास पुरुष महापौर रामू रोहरा के नेतृत्व में धमतरी में अब केवल अस्थायी समाधान नहीं, बल्कि शहर की मूलभूत समस्याओं का स्थायी निराकरण करने की दिशा में काम हो रहा है। विमल टॉकीज रोड की अंडरग्राउंड ड्रेनेज व्यवस्था इसका बड़ा उदाहरण है।”



