छत्तीसगढ़

रायपुर एवं अंचलवासियों को रेलवे की बड़ी सौगात, 3 नई मेमू ट्रेनों के परिचालन को मंजूरी

सांसद बृजमोहन अग्रवाल के प्रयासों को मिली सफलता

रायपुर–रावघाट और रायपुर–कुरुद रूट पर जल्द शुरू होंगी नई रेल सेवाएं

रायपुर। रायपुर एवं आसपास के अंचलों के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल को पत्र लिखकर जानकारी प्रदान की। रेल मंत्रालय, भारत सरकार ने रायपुर से रावघाट और रायपुर से कुरुद के बीच तीन नई मेमू यात्री ट्रेनों के परिचालन को मंजूरी प्रदान की है। इस स्वीकृति से क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल को पत्र लिखकर इन नई रेल सेवाओं की स्वीकृति की जानकारी दी है। स्वीकृत रेल सेवाओं में गाड़ी संख्या 68768/68769 रायपुर–रावघाट मेमू तथा गाड़ी संख्या 68772/68771 और 68774/68773 रायपुर–कुरुद मेमू शामिल हैं। इन ट्रेनों के परिचालन से रायपुर और आसपास के क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क को और मजबूती मिलेगी।

इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर, सुगम और किफायती आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने बताया कि रायपुर से रावघाट और कुरुद के बीच मेमू ट्रेनों के संचालन के लिए उन्होंने रेल मंत्री से अनुरोध किया था, जिसके बाद इन रेल सेवाओं को स्वीकृति मिली है।

सांसद ने कहा कि नई मेमू ट्रेनों के शुरू होने से दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और राजधानी रायपुर आने-जाने वाले मरीजों सहित आम नागरिकों को लाभ मिलेगा। इससे यात्रियों को सुविधाजनक और किफायती यात्रा का विकल्प मिलेगा तथा समय की बचत होने के साथ क्षेत्र के व्यापारिक और सामाजिक संपर्क को भी नई मजबूती मिलेगी।

बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के विकास को प्राथमिकता देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र की डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में बुनियादी ढांचे और रेल नेटवर्क के आधुनिकीकरण एवं विस्तार की दिशा में लगातार काम हो रहा है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button