छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना कर हर्षोल्लास से मनाया गया राज्य स्थापना दिवस
जिला कार्यालय में अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया माल्यार्पण, राज्यगीत ‘अरपा पैरी के धार’ का हुआ सामूहिक गायन; छत्तीसगढ़ महतारी की वेशभूषा में पहुंची नन्ही बालिका बनी आकर्षण का केंद्र

छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना कर हर्षोल्लास से मनाया गया राज्य स्थापना दिवस
जिला कार्यालय में अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया माल्यार्पण, राज्यगीत ‘अरपा पैरी के धार’ का हुआ सामूहिक गायन; छत्तीसगढ़ महतारी की वेशभूषा में पहुंची नन्ही बालिका बनी आकर्षण का केंद्र
धमतरी। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 1 नवम्बर को जिला मुख्यालय धमतरी में राज्य स्थापना दिवस श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला कार्यालय परिसर में स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर विकास की कामना की गई। कार्यक्रम में जिले के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इसके पश्चात प्रदेश की अस्मिता, गौरव और सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक राज्यगीत ‘अरपा पैरी के धार’ का सामूहिक गायन किया गया।

स्थापना दिवस के इस गरिमामय आयोजन में छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति, समृद्ध लोकपरंपराओं, ऐतिहासिक विरासत और विकास यात्रा का स्मरण किया गया। उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों ने अपनी माटी, अपनी संस्कृति और अपनी पहचान के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए प्रदेश की एकता, अखंडता एवं निरंतर प्रगति के संकल्प को दोहराया।
नन्ही बालिका ने छत्तीसगढ़ महतारी के स्वरूप में मोहा मन

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक एवं भावनात्मक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब एक नन्ही बालिका छत्तीसगढ़ महतारी की पारंपरिक वेशभूषा में सजकर समारोह में पहुंची। छत्तीसगढ़ महतारी के स्वरूप में सजी बालिका को देखकर उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों के चेहरे खिल उठे। सभी ने बालिका का आत्मीयता के साथ स्वागत किया और उसके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। बालिका की मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। यह दृश्य नई पीढ़ी में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और अपनी माटी के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना का सुंदर संदेश देता नजर आया।
कलेक्टर ने दी प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं

इस अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिलेवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराएं और विकास की निरंतर यात्रा हम सभी के लिए गर्व का विषय है। प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने तथा विकास के संकल्प में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने जानकारी दी कि 2 नवम्बर को धमतरी में एक दिवसीय जिला स्तरीय राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ शासन के विभिन्न विभागों द्वारा अपनी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। उन्होंने जिले के नागरिकों से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर मुकेश बजाज, सहायक अधीक्षक गोस्वामी सहित जिला कार्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में छत्तीसगढ़ महतारी के प्रति श्रद्धा, प्रदेश के प्रति गौरव और अपनी सांस्कृतिक पहचान को सहेजने का भाव प्रमुखता से दिखाई दिया।



