धमतरी में आज सजेगा राज्योत्सव का भव्य मंच, 25 विभागों की विकास प्रदर्शनी होगी आकर्षण का केंद्र
डॉक्टर शोभाराम देवांगन खेल मैदान में होगा भव्य आयोजन, स्कूली बच्चों और स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ दमादम मस्त कलंदर बैंड ग्रुप बांधेगा समां

धमतरी में आज सजेगा राज्योत्सव का भव्य मंच, 25 विभागों की विकास प्रदर्शनी होगी आकर्षण का केंद्र
डॉक्टर शोभाराम देवांगन खेल मैदान में होगा भव्य आयोजन, स्कूली बच्चों और स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ दमादम मस्त कलंदर बैंड ग्रुप बांधेगा समां
धमतरी, 2 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26वें वर्ष के उपलक्ष्य में आज धमतरी जिले में राज्योत्सव का भव्य आयोजन उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण में किया जा रहा है। स्थानीय डॉक्टर शोभाराम देवांगन खेल मैदान में आयोजित होने वाले इस समारोह को यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्योत्सव को लेकर मैदान में उत्सवी माहौल नजर आ रहा है।

राज्योत्सव में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जिले की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए लगभग 25 विभागों द्वारा आकर्षक छायाचित्र एवं विभागीय विकास प्रदर्शनी लगाई गई है। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से आम नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, जनहितकारी कार्यक्रमों और जिले में हुए विकास कार्यों की जानकारी मिलेगी। विभागीय प्रदर्शनी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी।
समारोह में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और कला की भी शानदार झलक देखने को मिलेगी। स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ जिले के स्थानीय कलाकार गीत, संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देंगे। वहीं प्रसिद्ध दमादम मस्त कलंदर बैंड ग्रुप की विशेष प्रस्तुति समारोह में चार चांद लगाएगी। बैंड ग्रुप की संगीतमय प्रस्तुति दर्शकों के बीच उत्साह और उमंग का माहौल बनाएगी।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने राज्योत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को प्रदर्शनी को गुणवत्तापूर्ण, आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि समारोह में पहुंचने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजन स्थल पर मंच, विभागीय प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। राज्योत्सव के माध्यम से जिले की विकास यात्रा, शासन की उपलब्धियों और छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को जनसामान्य के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
राज्योत्सव को लेकर जिलेवासियों में खासा उत्साह है। विकास की उपलब्धियों के प्रदर्शन और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा यह आयोजन छत्तीसगढ़ की अस्मिता, गौरव और पहचान का उत्सव बनेगा।



