आज धमतरी में होगा राष्ट्र चिंतन संवाद, वैश्विक उथल-पुथल के बीच भारत की स्थिरता और लोकतंत्र पर होगी चर्चा
अग्रसेन भवन में दोपहर 3 बजे होगा आयोजन, सांसद रूपकुमारी चौधरी एवं साहित्य अकादमी अध्यक्ष शशांक शर्मा होंगे शामिल

आज धमतरी में होगा राष्ट्र चिंतन संवाद, वैश्विक उथल-पुथल के बीच भारत की स्थिरता और लोकतंत्र पर होगी चर्चा
अग्रसेन भवन में दोपहर 3 बजे होगा आयोजन, सांसद रूपकुमारी चौधरी एवं साहित्य अकादमी अध्यक्ष शशांक शर्मा होंगे शामिल
धमतरी। वैश्विक स्तर पर तेजी से बदलते राजनीतिक समीकरणों, युद्ध के हालात और महाशक्तियों के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारत की लोकतांत्रिक मजबूती, राष्ट्रीय सुरक्षा और भविष्य की दिशा पर आज धमतरी में राष्ट्र चिंतन संवाद का आयोजन होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ लोक जागरण मंच के तत्वावधान में 4 नवंबर को दोपहर 3 बजे अग्रसेन भवन में यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित होगा।
वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में रूस-यूक्रेन युद्ध, मध्य-पूर्व में तनाव, अमेरिका-ईरान के बीच टकराव तथा चीन-जापान सहित विभिन्न देशों के बदलते राजनीतिक समीकरणों ने पूरी दुनिया के सामने कई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। ऐसे समय में भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था, राष्ट्रीय एकता, आंतरिक स्थिरता और संतुलित विदेश नीति को लेकर सार्थक विमर्श की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
राष्ट्र चिंतन संवाद में देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती, राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक एकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, पड़ोसी देशों बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका में युवा आंदोलनों तथा जेन-जी की भूमिका से सामने आए घटनाक्रमों के संदर्भ में भारत की आंतरिक स्थिरता और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूकता पर भी चर्चा होगी। वहीं एसआईआर से जुड़े विवादों और सर्वोच्च न्यायालय में चल रही प्रक्रिया के बीच संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका भी संवाद का महत्वपूर्ण विषय रहेगी।
कार्यक्रम में क्षेत्र की लोकप्रिय सांसद रूपकुमारी चौधरी एवं छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा विशेष रूप से शामिल होंगे। इसके साथ ही जिले के सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक एवं प्रबुद्ध वर्ग के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी।
छत्तीसगढ़ लोक जागरण मंच के संयोजक कविंद्र जैन ने जिले के बुद्धिजीवियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, युवाओं एवं राष्ट्रहित से जुड़े नागरिकों से आज दोपहर 3 बजे अग्रसेन भवन पहुंचकर राष्ट्र चिंतन संवाद में सहभागिता निभाने की अपील की है। आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रीय और वैश्विक परिस्थितियों पर गंभीर चिंतन के साथ लोकतंत्र, राष्ट्रहित और भारत के भविष्य को लेकर सार्थक विचारों का आदान-प्रदान करना है।


