छत्तीसगढ़

वोकल फॉर लोकल का संदेश लेकर बाजार पहुंचीं नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन, कुम्हारों से खरीदे मिट्टी के दीये

वोकल फॉर लोकल का संदेश लेकर बाजार पहुंचीं नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन, कुम्हारों से खरीदे मिट्टी के दीये

 

भखारा। स्थानीय कारीगरों और छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहित करने तथा स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने स्थानीय बाजार पहुंचकर कुम्हारों से मिट्टी के दीये एवं अन्य पारंपरिक सामग्री की खरीदारी की। इस पहल के माध्यम से उन्होंने आम नागरिकों को ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘स्वदेशी अपनाओ’ का संदेश दिया।

 

बाजार भ्रमण के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष ने स्थानीय कुम्हारों से मुलाकात कर उनके द्वारा मेहनत और लगन से तैयार किए गए मिट्टी के उत्पाद खरीदे। उन्होंने कारीगरों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्थानीय कारीगर हमारी परंपरा, संस्कृति और आत्मनिर्भरता की मजबूत कड़ी हैं। उनके हाथों से तैयार उत्पादों की खरीदारी करने से न केवल उन्हें आर्थिक संबल मिलता है, बल्कि हमारी पारंपरिक कला और संस्कृति को भी जीवित रखने में मदद मिलती है।

 

ज्योति हरख जैन ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि त्योहारों के अवसर पर विदेशी एवं मशीनों से बने उत्पादों के बजाय स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार मिट्टी के दीये और अन्य स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता दें। हमारी छोटी-सी पहल किसी कारीगर और उसके परिवार के लिए बड़ी खुशियों का कारण बन सकती है।

 

उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाना केवल खरीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्थानीय रोजगार, छोटे व्यवसायों और आत्मनिर्भर भारत को मजबूत करने का सामूहिक प्रयास है।

 

नगर पंचायत अध्यक्ष की इस पहल से स्थानीय कुम्हारों और छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहन मिला। उन्होंने नागरिकों से स्वदेशी उत्पाद अपनाने, स्थानीय कारीगरों का सम्मान करने और ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Author Desk

Related Articles

Back to top button