नारायणपुर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, जंगल से ड्रिल मशीन और भारी तकनीकी उपकरण बरामद

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में नक्सल मुक्ति के बाद भी सुरक्षाबलों का सर्चिंग अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने ग्राम डुंगा और रेकावाया के जंगल क्षेत्र से बड़ी संख्या में मशीनरी उपकरण और तकनीकी सामग्री बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार एवं ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन तथा डीएसपी मनोज कुमार मंडावी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है।
सर्चिंग में मिले कई मशीनरी उपकरण
अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को ड्रिल मशीन 2 नग, वेल्डिंग मशीन 2 नग, कटर मशीन, 3 ब्लोअर, बेंच ग्राइंडर, टेबल ड्रिल मशीन, 2 टेबल ग्राइंडर, वेल्डिंग होल्डर और वायरिंग बोर्ड सहित कई उपकरण मिले हैं।
इसके अलावा मोटर, आर. बॉक्स वायर, स्प्रिंग वायर, बाइंडर, रॉकेट सेट, ड्रिल बिट, टेप रिंच, स्पैनर, वी-बेल्ट और बेंच वाइस सहित अन्य तकनीकी सामग्री भी बरामद की गई है।
शांति और सुरक्षा के लिए अभियान जारी
नारायणपुर पुलिस के अनुसार, नक्सल मुक्ति के बाद भी क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बलों का उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षित वातावरण तैयार कर विकास कार्यों को गति देना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले के अंदरूनी और जंगल क्षेत्रों में सघन सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।



