छत्तीसगढ़

आपदा के मुहाने पर भारत नहीं कांग्रेस खड़ी है – कविंद्र

कोलंबिया यूनिवर्सिटी में दिया गया राहुल का बयान शर्मनाक

आपदा के मुहाने पर भारत नहीं कांग्रेस खड़ी है – कविंद्र

 

कोलंबिया यूनिवर्सिटी में दिया गया राहुल का बयान शर्मनाक

 

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के अपनी मां सोनिया गांधी की आत्मकथा (संस्मरण) “बिलॉन्गिंग – ए जर्नी ऑफ लव” के विमोचन के मौके पर दिए गए उद्बोधन को लेकर देश में पहले ही एक अलग तरह की बहस शुरू हो चुकी है। लोग ये कहने लगे हैं कि राहुल गांधी के भीतर क्या वाक़ई इतनी भी समझ नहीं है कि कौन सी बात कहां कही जानी चाहिये या फिर वो जान बूझकर कुछ ऐसा कह जाते हैं ताकि खबरों में बने रह सकें।

अपने अमेरिका दौरे में विगत दिनों उन्होंने कोलंबिया यूनिवर्सिटी जाकर फिर से भारत की कुछ ऐसी तस्वीर पेश करने की कोशिश की जो तथ्यों से बिल्कुल परे और मनगढंत है। उन्होंने कहा कि “भारत एक आर्थिक आपदा के मुहाने पर खड़ा है।” उन्होंने यह भी कहा कि “मेक इन इंडिया योजना विफल रही।” तथा “उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को अवैध बताया।”

इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा नेता एवं पूर्व जिला महामंत्री कविंद्र जैन ने कहा कि उनके ये सारे बयान ना तो सही मंच पर दिए गए माने जा सकते और ना ही तथ्यों के आधार पर सहीं माने जा सकते हैं। यहां तक कि कोलंबिया यूनिवर्सिटी के दर्शक भी उनके इस बयान से हैरान थे। उनके बयान पर पूरा हॉल ठहाके लगा रहा था।

तथ्य ये है कि अप्रैल से जून 2026 में भारत की आर्थिक विकास की दर 7.8% रही। यह दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज विकास दर थी। भारत की जीडीपी 113 लाख करोड़ से बढ़कर 400 लाख करोड़ से अधिक हो गई। अक्टूबर 2026 की विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार भारत में अत्यधिक गरीबी 2011-12 के 27.1% से घटकर 2023-24 में 2.6% रह गई। 49.6 करोड़ लोगों का गरीबी रेखा से ऊपर आना एक विश्व कीर्तिमान है। यूपीए सरकार के दौरान औसत महंगाई दर 8% थी जबकि 2014 से 2026 के दौरान यह औसत महज 4.8% है। विदेशी मुद्रा भंडार 2014 में 311 अरब डॉलर से बढ़कर 720 अरब डॉलर के करीब पहुंच गया है।

सितंबर 2014 में शुरू की गई “मेक इन इंडिया” स्कीम के तहत 14 रणनीतिक क्षेत्रों के लिए उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना (पीएलआई) इस अभियान का सबसे बड़ा आधार बनी। जून 2026 तक इस योजना के तहत 2.58 लाख करोड़ का वास्तविक निवेश आया और 23.79 लाख करोड़ से अधिक का उत्पादन और बिक्री दर्ज की गई है। इलेक्ट्रॉनिक्स का उत्पादन 2014-15 में 1.9 लाख करोड़ से बढ़कर 2025-26 में 13.11 लाख करोड़ हो गया है। इलेक्ट्रॉनिक्स का निर्यात 38 हजार करोड़ से बढ़कर 4.24 लाख करोड़ हो गया है। भारत में खपत होने वाले मोबाइल फोन्स का 99% अब पूरी तरह भारत में निर्मित हो रहा है। रक्षा निर्यात 2013-14 में 686 करोड़ से बढ़कर वर्तमान में 38424 करोड़ हो चुका है। सौर ऊर्जा मॉड्यूल निर्माण क्षमता वर्तमान में 172 गीगावाट तक पहुंच चुकी है। ईवी ऑटोमोबाइल और फार्मा सेक्टर में अभूतपूर्व तेजी दर्ज की गई है। सेमी कंडक्टर निर्माण में भारत बहुत जल्द आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रहा है। भारत की जीडीपी में विनिर्माण क्षेत्र का योगदान लगभग 16-17 प्रतिशत है तथा यह 2.7 करोड़ लोगों को रोजगार देता है। 2022-23 से 2025-26 के बीच विनिर्माण जीवीए में 10.88% की वार्षिक वृद्धि (CAGR) दर्ज की गई है। भारत का लक्ष्य विनिर्माण क्षेत्र का योगदान 25% तक ले जाने का है।

बेरोजगारी अभी भी एक चुनौती है परन्तु चुनौती होना और आर्थिक आपदा होना दोनों अलग अलग बातें हैं। भारत की तरक्की पर विश्व अचरज से देख रहा है। स्व रोजगार और एमएसएमई तथा स्टार्टअप्स में गुणात्मक वृद्धि हुई है। चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष आरोप तो लगा रहा है परन्तु उसके पास सर्वोच्च न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए कोई ठोस सबूत नहीं है। जहां वो सत्ता में हैं वहां जनमत को स्वीकार करते हैं और जहां पराजय मिलती है वहां कभी ईवीएम तो कभी एसआईआर पर दोष मढ़ते हैं।

अखबारों की सुर्खियों में आना ही है तो कुछ सकारात्मक कदम उठाइये देश की तरक्की में विपक्ष क्या भूमिका अदा कर सकता है उस दिशा में सोचना शुरू कीजिए। विदेश की धरती पर जाकर अपने देश की गरिमा को बढ़ाने वाले बयान देने की यहां परंपरा रही है। अटल जी जैसे महापुरुष विपक्ष में रहकर भी विदेशों में भारत का मान बढ़ाने वाले बयानों के लिए याद किए जाते रहे हैं, उनसे कुछ सीख लीजिये जनता के बीच एक जिम्मेदार नेता की छबि बनाने का प्रयास कीजिये। यदि ऐसा नहीं हुआ तो कांग्रेस के लिए आप स्वयं एक आपदा बन चुके हैं।

Author Desk

Related Articles

Back to top button