अंगदान का संकल्प निभाकर अमर हो गए हृदयराम साहू, निधन के बाद परिवार ने एम्स को सौंपा पार्थिव शरीर
वर्ष 2016 में लिया था अंगदान का संकल्प, परिवार ने इच्छा का सम्मान कर पेश की मानवता और समाजसेवा की अनुकरणीय मिसाल

अंगदान का संकल्प निभाकर अमर हो गए हृदयराम साहू, निधन के बाद परिवार ने एम्स को सौंपा पार्थिव शरीर
वर्ष 2016 में लिया था अंगदान का संकल्प, परिवार ने इच्छा का सम्मान कर पेश की मानवता और समाजसेवा की अनुकरणीय मिसाल
धमतरी। मानवता की सेवा का भाव यदि मन में हो तो इंसान मृत्यु के बाद भी दूसरों के काम आ सकता है। इसी भावना को अपने जीवन का संकल्प बनाने वाले ग्राम सेमरा निवासी स्वर्गीय हृदयराम साहू ने समाज के सामने सेवा, त्याग और संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल पेश की है।

व्याख्याता रहे हृदयराम साहू, पिता श्री शिवचरण साहू का जन्म 1 जुलाई 1951 को हुआ था। उनका देहावसान 20 नवंबर 2026 को हुआ। उन्होंने वर्ष 2016 में ही अंगदान का संकल्प लिया था। उनकी सोच थी कि मृत्यु के बाद भी उनका शरीर मानवता के काम आ सके और किसी जरूरतमंद के जीवन में नई उम्मीद जगा सके।
उनके निधन के बाद परिजनों ने उनकी इस महान इच्छा और संकल्प का सम्मान करते हुए उनके पार्थिव शरीर को एम्स (AIIMS) अस्पताल पहुंचाने के लिए सहमति दी। परिवार का यह निर्णय केवल एक व्यक्ति की अंतिम इच्छा का सम्मान नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश है।

हृदयराम साहू जी ने अपने संकल्प से यह संदेश दिया कि जीवन का महत्व केवल अपने लिए जीने में नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन को बेहतर बनाने में भी है। वहीं उनके परिजनों ने दुख की इस घड़ी में भी मानव सेवा को प्राथमिकता देकर त्याग और सामाजिक जागरूकता का परिचय दिया।
आज समाज को रक्तदान, अंगदान और देहदान के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता है। रक्तदान से किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है, वहीं अंगदान और देहदान के माध्यम से मृत्यु के बाद भी मानवता की सेवा की जा सकती है।

स्वर्गीय हृदयराम साहू जी का यह संकल्प आने वाली पीढ़ियों को लंबे समय तक प्रेरित करता रहेगा। उनका जीवन और उनकी अंतिम इच्छा समाज को यही संदेश देती है कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और मानवता की सेवा ही सच्ची प्रभु सेवा है।
स्वर्गीय हृदयराम साहू जी को विनम्र श्रद्धांजलि एवं शत-शत नमन। उनके परिवार के प्रति हार्दिक साधुवाद।



