साहित्यिक गरिमा और सृजनशीलता का सम्मान, डुमन लाल ध्रुव का हुआ अभिनंदन
दीपावली मिलन एवं काव्यगोष्ठी में साहित्यकारों ने साझा किए विचार और संस्मरण, आराध्या साहू की पंडवानी प्रस्तुति ने बांधा समां

साहित्यिक गरिमा और सृजनशीलता का सम्मान, डुमन लाल ध्रुव का हुआ अभिनंदन
दीपावली मिलन एवं काव्यगोष्ठी में साहित्यकारों ने साझा किए विचार और संस्मरण, आराध्या साहू की पंडवानी प्रस्तुति ने बांधा समां
धमतरी। जिला हिंदी साहित्य समिति, धमतरी के तत्वावधान में दीपावली मिलन, काव्यगोष्ठी एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रतिष्ठित शहीद वीर नारायण सिंह राज्य अलंकरण-2026 से सम्मानित साहित्यकार डुमन लाल ध्रुव के अभिनंदन समारोह का आयोजन आत्मीय एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में जिले के साहित्यकारों, कवियों एवं साहित्यप्रेमियों ने सहभागिता करते हुए साहित्यिक परंपरा और सृजनशीलता का उत्सव मनाया।
कार्यक्रम का संयोजन कामिनी कौशिक एवं आकाश गिरी गोस्वामी ने किया। कामिनी कौशिक ने प्रभावशाली एवं सधे हुए अंदाज में मंच संचालन किया। उनके भाषा चयन और प्रस्तुति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।

इस अवसर पर वक्ता दीपक लखोटिया, अपर कलेक्टर एवं साहित्यकार पवन कुमार प्रेमी, सेवानिवृत्त प्राचार्या एवं साहित्यकार रचना मिश्रा, साहित्यकार एवं समाजसेवी सरिता दोषी तथा प्रखर समाचार के प्रधान संपादक एवं व्यंग्यकार चंद्रशेखर शर्मा ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने साहित्य की सामाजिक भूमिका, रचनाकारों के योगदान और नई पीढ़ी में साहित्यिक चेतना विकसित करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
रचना मिश्रा ने अपने पिता स्वर्गीय नारायण लाल परमार एवं डुमन लाल ध्रुव के बीच रहे आत्मीय संबंधों और साहित्यिक अनुराग से जुड़े संस्मरण साझा किए। वहीं अन्य वक्ताओं ने भी डुमन लाल ध्रुव की साहित्य साधना, अनुशासन और साहित्य के प्रति समर्पण की सराहना की।
इस अवसर पर प्रखर परिवार के लगभग चार दशकों से नवोदित साहित्यकारों को मंच प्रदान करने के प्रयासों की भी सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि वरिष्ठ साहित्यकारों के अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी के रचनाकारों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है, जिससे साहित्यिक परंपरा निरंतर समृद्ध होती है।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण आराध्या साहू की पंडवानी प्रस्तुति रही। उन्होंने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकगायन परंपरा को अपनी प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत किया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। वहीं संगीत एवं वाद्ययंत्रों के माध्यम से रिजवान ने कार्यक्रम को सुरमयी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
धमतरी की समृद्ध साहित्यिक विरासत का उल्लेख करते हुए स्वर्गीय नारायण लाल परमार, त्रिभुवन पांडे, मुकीम भारती, भगवती लाल सेन, सुरजीत नवदीप एवं रमेश अधीर जैसे साहित्यकारों के योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इन साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं और विचारों से धमतरी को साहित्यिक पहचान दिलाई है।
सम्मान समारोह के केंद्रबिंदु डुमन लाल ध्रुव ने अपने उद्बोधन में साहित्यिक जीवन के विभिन्न पड़ावों को साझा किया। उन्होंने बताया कि साहित्य साधना निरंतर अभ्यास, अनुशासन, त्याग और समर्पण का परिणाम होती है। शासकीय दायित्वों एवं पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच साहित्यिक अभिरुचि को बनाए रखने के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा कि साहित्य केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और जनजीवन से संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है।

डुमन लाल ध्रुव ने सामाजिक परिवेश, जनजातीय जीवन, लोकसंस्कृति एवं जनमानस की संवेदनाओं को केंद्र में रखकर कथा, कहानी, गद्यकाव्य, आलेख, रिपोर्ताज एवं काव्य संग्रहों के माध्यम से साहित्यिक योगदान दिया है। उनके साहित्य में लोकजीवन, सामाजिक सरोकार और वंचित वर्गों की संवेदनाओं का प्रभावी चित्रण देखने को मिलता है।
वक्ताओं ने शहीद वीर नारायण सिंह राज्य अलंकरण-2026 से सम्मानित होने पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि धमतरी जिले की साहित्यिक विरासत के लिए गौरव का विषय है।
कार्यक्रम का समापन आकाश गिरी गोस्वामी द्वारा प्रस्तुत आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। आयोजन में दीपावली मिलन की आत्मीयता, काव्यगोष्ठी की साहित्यिक गरिमा और सम्मान समारोह की भावनात्मक अभिव्यक्ति देखने को मिली।
अंत में उपस्थित साहित्यकारों एवं साहित्यप्रेमियों ने डुमन लाल ध्रुव के उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना करते हुए उनकी लेखनी के निरंतर सृजनशील बने रहने की शुभकामनाएं दीं।



