विंध्यवासिनी वार्ड में 50 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन, जिम भवन की सौगात से युवाओं में उत्साह
महापौर रामू रोहरा ने युवाओं की मांग पूरी कर 13 लाख के जिम भवन सहित सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों की रखी नींव
विंध्यवासिनी वार्ड में 50 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन, जिम भवन की सौगात से युवाओं में उत्साह
महापौर रामू रोहरा ने युवाओं की मांग पूरी कर 13 लाख के जिम भवन सहित सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों की रखी नींव
धमतरी। विंध्यवासिनी वार्ड में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन महापौर रामू रोहरा के करकमलों से संपन्न हुआ। इन कार्यों में 13 लाख रुपये की लागत से जिम भवन का निर्माण तथा 37 लाख रुपये की लागत से वार्ड के विभिन्न स्थानों पर आरसीसी नाली एवं सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं।

महापौर रामू रोहरा ने युवाओं की मांग और उनकी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए अपनी चुनावी घोषणा को पूरा किया और वार्ड को जिम भवन की सौगात दी। इस पहल से वार्ड के युवाओं को व्यायाम एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने युवाओं से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने और नियमित रूप से व्यायाम, योग एवं शारीरिक कसरत को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही बेहतर जीवन की पहचान है। युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाकर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाना चाहिए।
वार्ड पार्षद अखिलेश सोनकर ने महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वार्ड के युवाओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा कर जिम भवन की सौगात देने के लिए वार्डवासियों की ओर से धन्यवाद ज्ञापित करता हूं। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली और जिम भवन जैसे विकास कार्यों से वार्ड की सुविधाओं में विस्तार होगा।
वार्ड में एक साथ 50 लाख रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत को स्थानीय विकास और युवाओं के बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


