पठानकोट में घुसपैठ की कोशिश, जवानों की कार्रवाई में घुसपैठिया मारा गया

बीएसएफ ने पाकिस्तानी घुसपैठिये को मार गिराया
सीमावर्ती इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
पठानकोट। पंजाब के पठानकोट स्थित बमियाल बॉर्डर पर गुरुवार रात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी। सीमा पार से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे एक पाकिस्तानी घुसपैठिये को जवानों ने कार्रवाई के दौरान मार गिराया। घटना पहाड़ीपुर सीमा चौकी (बीओपी) के पास की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 3 बजे पाकिस्तान की ओर से एक व्यक्ति भारतीय सीमा में घुसने का प्रयास कर रहा था। सीमा पर तैनात बीएसएफ जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखकर उसे चेतावनी दी और फायरिंग की। इस दौरान घुसपैठिये की मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बीएसएफ, पंजाब पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सुरक्षा एजेंसियां मृतक की पहचान, घुसपैठ के उद्देश्य और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही हैं। थाना नरोट जैमल सिंह के प्रभारी दलजीत सिंह ने भी बीएसएफ की कार्रवाई में पाकिस्तानी घुसपैठिये के मारे जाने की पुष्टि की है। एहतियातन सीमावर्ती इलाके में चौकसी बढ़ा दी गई है।



