वायनाड में मुसीबत : कई जगहों पर हुए लैंडस्लाइड में 400 परिवार फंसे, 11 की मौत

वायनाड में मुसीबत : कई जगहों पर हुए लैंडस्लाइड में 400 परिवार फंसे, 11 की मौत
केरला के वायनाड जिले में भारी बारिश से मंगलवार तड़के भीषण लैंडस्लाइड हो गया है। लैंडस्लाइड की कई घटनाओं में मलबे में दबने से 11 लोगों की मौत हो गई है। इस घटना में बड़े पैमाने पर नुकसान का अंदेशा है। वायनाड के मेप्पाडी, मुबदक्कई और चूरल मला पहाड़ियों पर लैंडस्लाइड हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक, पहला लैंडस्लाइड मुबदक्कई में रात करीब 1 बजे हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि अगला लैंडस्लाइड चूरल माला में सुबह 4 बजे हुआ। उस समय वहां बचाव अभियान चल रहा था। कैंप के तौर पर काम करने वाला एक स्कूल, एक घर, एक स्कूल बस सभी कथित तौर पर बाढ़ में डूब गए और कीचड़ व पानी से भर गए। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया कि भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई। 6 शवों को मेप्पडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 5 को एक निजी मेडिकल कॉलेज में लाया गया।
पुल ढहने से 400 परिवार फंसे
रिपोर्ट के मुताबिक, चूरल माला शहर में एक पुल के ढहने के बाद करीब 400 परिवार फंसे हुए हैं। कई लोगों के घायल होने की खबर है और कई घर बह गए हैं। पूरे क्षेत्र में बिजली गुल होने के कारण नुकसान का आंकलन फिलहाल नहीं लग पाया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटीं सरकारी एजेंसियां
केरल सरकार एक्शन में आ गई है। मुख्यमंत्री पी विजयन ने कहा कि सभी सरकारी एजेंसियां रेस्क्यू ऑपरेशन में लगा दी गई है। बताया जा रहा है कि हालात और बिगड़ सकते हैं। घटना की जानकारी होने के बाद से ही सरकारी तंत्र बचाव कार्य में जुट गया है। कई मंत्री वायनाड पहुंचेंगे और गतिविधियों का नेतृत्व करेंगे। बचाव कार्य के लिए कन्नूर डिफेंस सिक्योरिटी कोर की दो टीमें जल्द ही घटनास्थल पर पहुंचेंगी। वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर 7:30 बजे सुलूर से उड़ान भरेंगे।



