मिडिल ईस्ट में महायुद्ध : खामेनेई की मौत, ईरान में 40 दिन का शोक, अब निशाने पर 27 अमेरिकी सैन्य अड्डे

मिडिल ईस्ट में महायुद्ध : खामेनेई की मौत, ईरान में 40 दिन का शोक, अब निशाने पर 27 अमेरिकी सैन्य अड्डे
तेहरान। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर ने दुनियाभर में सन्नाटा फैला दिया है। ईरान पर इस्राइल और अमेरिकी हवाई हमले के दौरान उन्हें मार दिया गया, जिसे कई रिपोर्टों में पुष्टि के रूप में बताया गया है। इस घटना के बीच दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास ने अपने झंडे को आधा झुका दिया है।
इसके बाद ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड ने अमेरिका और इस्राइल के हवाई हमलों के जवाब में पश्चिमी एशिया में 27 अमेरिकी बेसों और इस्राइल पर छठी लहर के हमलों की घोषणा की है। ईरानी स्टेट मीडिया के अनुसार, आईआरजीसी ने कहा कि इन हमलों में विस्तृत मिसाइल और ड्रोन हमले शामिल हैं। इसका लक्ष्य क्षेत्र में अमेरिकी और इस्राइली सैन्य ठिकानों को निशाना बनाना है।
बता दें कि संयुक्त अरब अमीरात में शनिवार को हुए ईरानी मिसाइल हमलों के दौरान कम से कम एक व्यक्ति की मौत और सात लोग घायल हो गए। यूएई ने कई ईरानी मिसाइलों को रोकने की कोशिश की, लेकिन ड्रोन और मिसाइल हमलों की कई लहरों ने रात भर आम लोगों की नींद उड़ा दी। एक ड्रोन इंटरसेप्शन घटना में जायद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत और सात अन्य घायल हुए। दुबई के हवाई अड्डे और प्रसिद्ध बुर्ज अल अरब होटल भी ड्रोन हमलों की चपेट में आए। दुबई सरकार के मीडिया कार्यालय के बयान में कहा गया कि ड्रोन के मलबे से बुर्ज अल अरब होटल में आग लग गई, जिसे तुरंत काबू में कर लिया गया। वहीं, जिबेल अली पोर्ट के एक घाट पर एयर इंटरसेप्शन ऑपरेशन के मलबे से लगी आग में कोई हताहत नहीं हुआ।



