छत्तीसगढ़

खेल पखवाड़ा के अंतर्गत बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ, 200 से अधिक खिलाड़ियों के बीच रैकेट का रोमांचक मुकाबला

खेल हमें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है- पं. राजेश शर्मा


धमतरी। शहर में आयोजित खेल पखवाड़ा के अंतर्गत बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन धर्मप्रेमी समाज के पंडित राजेश शर्मा द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देकर किया गया। प्रतियोगिता में राज्यभर के 16 से अधिक शहरों से आए लगभग 200 से अधिक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे पूरे आयोजन में खेल का उत्साह और रोमांच देखने को मिल रहा है।
प्रतियोगिता में रायपुर, दुर्ग, भिलाई, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, कांकेर, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, जगदलपुर, बस्तर, बिलासपुर, महासमुंद, कोंडागांव और दल्ली राजहरा सहित कई शहरों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। सुबह से ही इनडोर स्टेडियम और कम्युनिटी हॉल में 17 वर्ष से कम आयु वर्ग के खिलाड़ियों के बीच पहले राउंड के मुकाबले शुरू हो गए, जिनमें युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की अधिक संख्या को देखते हुए इनडोर स्टेडियम में जगह की कमी महसूस की गई, जिसके चलते कुछ मुकाबले सिटी क्लब में भी आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है, ताकि सभी प्रतिभागियों को बेहतर खेल अवसर मिल सके।
इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए पंडित राजेश शर्मा ने कहा कि बैडमिंटन केवल एक खेल नहीं बल्कि अनुशासन, संघर्ष और स्फूर्ति का प्रतीक है। खेल हमें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है और मैदान में सीखी गई सीख जीवन को बेहतर दिशा देने में मदद करती है।
वहीं कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित नगर निगम के पूर्व सभापति राजेंद्र शर्मा ने कहा कि भले ही खेल पखवाड़ा का समापन एक निश्चित समय के बाद हो जाएगा, लेकिन इस आयोजन ने धमतरी के खेल जगत को नई ऊर्जा देने और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलता है और धमतरी के खिलाड़ी भविष्य में राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सफल होंगे।
खेल पखवाड़ा के संयोजक योगेश रायचुरा ने बताया कि इस आयोजन ने धमतरी को राज्य स्तर पर एक अलग पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। खेल पखवाड़ा के माध्यम से शहर में खेलों के प्रति नई जागरूकता पैदा हुई है और युवाओं में खेल भावना को मजबूत करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन धमतरी के गौरवशाली खेल इतिहास को फिर से जीवंत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर नगर निगम के पार्षद पिंटू यादव, कुलेश सोनी, सरिता यादव, गोमती रजक सहित आयोजन समिति के संयोजक रितेश नाहर, भावेश रजक, विरेंद्र सोनी, दर्शिक नाहर, गर्वित नाहर, आदित्य शर्मा, शुभ सुखवानी, अंश दोसांझ और कर्नल खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और शहरवासी उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन में खेल भावना, उत्साह और प्रतिस्पर्धा का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है, जिससे धमतरी शहर एक बार फिर खेल गतिविधियों के केंद्र के रूप में उभरता नजर आ रहा है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button