छत्तीसगढ़
मॉल की पार्किंग में महिला इन्फ्लुएंसर और साथी ने ग्रामीण परिवार से किया विवाद, एफआईआर दर्ज

मॉल की पार्किंग में महिला इन्फ्लुएंसर और साथी ने ग्रामीण परिवार से किया विवाद, एफआईआर दर्ज
रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा थाना इलाके के के मैग्नेटो मॉल की पार्किंग में महिला इन्फ्लुएंसर और उसके साथी पर ग्रामीण युवक और उसके परिवार के साथ बदसलूकी का आरोप है। मामले में तेलीबांधा थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। इस घटना के बाद आम लोगों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह है पूरा मामला :
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पार्किंग का एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में खुद को सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर बताने वाली सोमा देवांगन और उसका साथी रॉकी बॉक्सर कुछ ग्रामीण युवकों और युवतियों के साथ जमकर विवाद करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में गाली-गलौज, मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ जैसी घटनाएं साफ नजर आ रही हैं। किसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक झड़प तक पहुंच गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस होती है, जिसके बाद मामला हाथापाई में बदल जाता है।
आरोप है कि विवाद के दौरान सोमा देवांगन और उसके साथी रॉकी बॉक्सर ने कुछ ग्रामीण युवकों के साथ मारपीट की। वीडियो में अभद्र भाषा और खुलेआम धमकी देने जैसे दृश्य भी सामने आए हैं। जानकारी के मुताबिक इस मामले में तेलीबांधा थाने में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार शिकायत मिलने के बाद सोमा देवांगन और रॉकी बॉक्सर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था, लेकिन एफआईआर दर्ज होने के बाद से दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे थे। अब वीडियो वायरल होने के बाद एक बार फिर यह मामला सुर्खियों में आ गया है और पुलिस पर कार्रवाई को लेकर दबाव बढ़ने लगा है। बताया जा रहा है कि यह पहला मामला नहीं है जब सोमा देवांगन विवादों में घिरी हो। इससे पहले भी उसके खिलाफ कई बार सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो और प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां करने के आरोप लग चुके हैं। हाल ही में सूरजपुर जिले में भी एक पुलिसकर्मी द्वारा उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। उस मामले में आरोप था कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पुलिस और प्रशासन की छवि खराब करने की कोशिश की गई थी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर कई लोगों ने यह सवाल भी उठाया है कि आखिर खुलेआम गुंडागर्दी और अभद्रता करने वालों पर अब तक कड़ी कार्रवाई क्यों नहीं हुई।



