आईएफएस अरुण पांडे बने छत्तीसगढ़ के नए प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन बल प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई

आईएफएस अरुण पांडे बने छत्तीसगढ़ के नए प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन बल प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई
रायपुर। राज्य सरकार ने वरिष्ठ आईएफएस अधिकारी अरुण पांडे को छत्तीसगढ़ का नया प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) एवं वन बल प्रमुख नियुक्त किया है। इस संबंध में मंत्रालय से आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। अरुण पांडे वर्तमान पीसीसीएफ व्ही. श्रीनिवासन राव का स्थान लेंगे, जो 31 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
राज्य के वन विभाग में शीर्ष पद पर नियुक्ति को लेकर पिछले कुछ दिनों से प्रशासनिक स्तर पर चर्चा चल रही थी। नए पीसीसीएफ के चयन के लिए विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें वरिष्ठ आईएफएस अधिकारियों के नामों पर विचार किया गया। इस दौरान अरुण पांडे, अनिल साहू और कौशलेंद्र कुमार के नाम प्रमुख रूप से सामने आए थे। विस्तृत चर्चा और वरिष्ठता सहित विभिन्न प्रशासनिक पहलुओं पर विचार के बाद अरुण पांडे के नाम पर अंतिम मुहर लगाई गई।
अरुण पांडे को वन प्रशासन और प्रबंधन का लंबा अनुभव माना जाता है। उन्होंने वन संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और विभागीय प्रशासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। सरकार को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में राज्य में वन संरक्षण, वन्यजीव प्रबंधन और पर्यावरणीय संतुलन से जुड़े कार्यों को नई दिशा मिलेगी।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख वन क्षेत्रों में शामिल है और यहां वन संपदा के संरक्षण के साथ-साथ वनवासियों के हितों से जुड़े मुद्दे भी काफी अहम माने जाते हैं। ऐसे में नए वन बल प्रमुख की नियुक्ति को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



