राष्ट्रीय

देश में भीषण गर्मी के बीच पीएम मोदी की जनता से अपील: खुद को हाइड्रेटेड रखें, प्यासे को पानी जरूर दें

पानी से भरा एक छोटा-सा बर्तन किसी प्यासे के लिए जीवनदान होगा : पीएम

नई दिल्ली। भारत में 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो चुकी है, और इसके साथ ही देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह होते ही तेज धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों के कारण तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि वे इस भीषण गर्मी के दौरान विशेष सावधानी बरतें और खुद को सुरक्षित रखें। उन्होंने कहा है कि नौतपा के इन दिनों में धूप से बचाव, पर्याप्त पानी का सेवन और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बेहद जरूरी हैं।

भारत में बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों से अधिकतम सावधानी बरतने का आग्रह किया है। पीएम मोदी ने लोगों से अपील करते कहा, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, बाहर निकलते समय अपने साथ पानी रखें, दूसरों को भी पानी पिलाएं; ऐसी नेक भावना का बहुत महत्व है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बच्चे, बुजुर्ग और बाहर काम करने वाले लोग भीषण गर्मी में खास तौर से असुरक्षित होते हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी से होने वाली थकावट के लक्षणों को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।

पीएम मोदी ने लोगों से की भरपूर मात्रा में पानी पीने की अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। इसके साथ ही दैनिक जीवन में गर्मी से होने वाली कई कठिनाइयां भी बढ़ रही हैं। मैं सभी देशवासियों से आग्रह करता हूं कि जितनी अधिक सावधानी बरत सकें, अवश्य बरतें। कृपया स्वयं को हाइड्रेटेड रखें, घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखें। उन्होंने कहा, ऐसे मौसम में आपकी संवेदनशीलता भी बहुत बड़ा सहारा बन जाती है। अगर संभव हो, तो किसी प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी अवश्य दें। मैं ऐसे लोगों की सराहना भी करूंगा जो अपने घरों के और दुकानों के बाहर मटके में जल रखते हैं ताकि कोई भी उनसे पानी पी सके।

उन्होंने लिखा, जब भी संभव हो, अपने माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी और अन्य प्रियजनों को फोन कर उनका हालचाल अवश्य पूछें। उन्हें पर्याप्त पानी पीने, दोपहर की तेज धूप में बाहर न निकलने और जितना हो सके, आराम करने की सलाह दें। इस प्रचंड गर्मी में हमें अपने आसपास के पशु-पक्षियों को भी नहीं भूलना चाहिए। अपने घर, बालकनी, छत, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी से भरा एक छोटा-सा बर्तन रखना भी किसी प्यासे पक्षी के लिए जीवनदान बन सकता है। आइए, इन कठिन दिनों में पूरी संवेदनशीलता और करुणा के साथ एक-दूसरे का ध्यान रखें।

25 मई से नौतपा की शुरुआत
देश में 25 मई से शुरू हुए नौतपा ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। नौतपा की शुरुआत के साथ ही देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाएं तापमान को बढ़ा दे रही हैं। तापमान लगातार बढऩे की वजह से लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

 

Author Desk

Related Articles

Back to top button