राष्ट्रीय

पाकिस्तान कनेक्शन वाले आतंकी नेटवर्क पर एनआईए की बड़ी दबिश, चार राज्यों में 12 ठिकानों पर छापे

पाकिस्तान कनेक्शन वाले आतंकी नेटवर्क पर एनआईए की बड़ी दबिश, चार राज्यों में 12 ठिकानों पर छापे

नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने देशभर में सक्रिय एक बड़े आतंकी नेटवर्क के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू करते हुए चार राज्यों में एक साथ छापेमारी की है। एजेंसी की टीमें उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और महाराष्ट्र के कुल 12 ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रही हैं। यह कार्रवाई पाकिस्तान से जुड़े आतंकी नेटवर्क और ड्रोन के जरिए हथियारों की तस्करी से जुड़े मामले में की जा रही है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, पाकिस्तान से जुड़े ऑपरेटिव जसवीर चौधरी और उसके भारतीय सहयोगियों पर भारत में ड्रोन के माध्यम से हथियार, गोला-बारूद और आईईडी की बड़ी खेप पहुंचाने का आरोप है। एनआईए को आशंका है कि इस नेटवर्क का इस्तेमाल देश के विभिन्न हिस्सों में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए किया जा रहा था।

4 राज्यों में एक साथ 12 ठिकानों पर कार्रवाई

एनआईए की टीमों ने उत्तर प्रदेश में 5, राजस्थान में 2, बिहार में 2 और महाराष्ट्र में 3 स्थानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। तलाशी के दौरान डिजिटल उपकरण, मोबाइल फोन, लैपटॉप, दस्तावेज और अन्य संदिग्ध सामग्री की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।

जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क भारत-पाकिस्तान सीमा के रास्ते ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल कर हथियारों और विस्फोटक सामग्री की तस्करी कर रहा था। इन हथियारों का इस्तेमाल पंजाब, दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में बड़े हमलों की साजिश के तहत किया जाना था। सूत्रों के मुताबिक, नेटवर्क का मुख्य उद्देश्य देश में दहशत फैलाना और आम नागरिकों की जान-माल को नुकसान पहुंचाना था।

सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए युवाओं को जोडऩे की कोशिश

एनआईए की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आतंकी नेटवर्क सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप्स के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित कर अपने नेटवर्क से जोड़ रहा था। एजेंसी इस बात की भी जांच कर रही है कि देश के भीतर किन-किन लोगों ने इस नेटवर्क को आर्थिक या लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराई।

सिरसा ग्रेनेड हमला मामले में भी बड़ी कार्रवाई

इसी बीच एनआईए ने हरियाणा के सिरसा महिला थाना ग्रेनेड हमला मामले में भी बड़ा खुलासा किया है। एजेंसी ने इस मामले में दो पाकिस्तानी नागरिकों समेत कुल नौ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। जांच में सामने आया कि पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर से आतंकी बने शाहजाद भट्टी के निर्देश पर भारत में पुलिस ठिकानों को निशाना बनाने की साजिश रची गई थी। एनआईए के अनुसार, आरोपियों ने संगठित तरीके से हथियार और विस्फोटक जुटाने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर नेटवर्क तैयार किया था। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए), भारतीय न्याय संहिता और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

एनआईए फिलहाल इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। एजेंसी का कहना है कि देश विरोधी गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button