ग्राम खरेंगा में अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

05 ट्रैक्टर जप्त, खनि निरीक्षक को नोटिस, रेत भंडारण अनुज्ञा निरस्त
धमतरी- जिले के ग्राम खरेंगा स्थित महानदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की शिकायत के बाद प्रशासन ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए 05 ट्रैक्टर वाहनों को जप्त किया है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खनिज विभाग, राजस्व अमला और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई, जिसके बाद अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए वाहनों पर वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई।
जानकारी के अनुसार 28 मई को खनिज अमला धमतरी को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली थी कि महानदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के दौरान पूर्व में दफन किए गए कंकाल बाहर निकल आए हैं। सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच की गई। जांच के दौरान अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन में लगे 05 ट्रैक्टर वाहनों को जप्त किया गया।
प्रशासन द्वारा संबंधित वाहन संचालकों के विरुद्ध खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र के खनि निरीक्षक को लापरवाही बरतने के आरोप में शो कॉज नोटिस जारी किया गया है। वहीं संबंधित फर्म की गौण खनिज साधारण रेत भंडारण अनुज्ञा स्वीकृति भी निरस्त कर दी गई है। इसके अलावा कुछ रेत खदानों का सीमांकन कार्य भी कराया जा रहा है।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्राम खरेंगा क्षेत्र में प्राप्त शिकायत पर प्रशासन ने पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ त्वरित जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित की है।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि जांच के दौरान पाए गए तथ्यों के आधार पर संबंधित वाहनों को जप्त कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही ग्रामीणों की भावनाओं और सामाजिक संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए उत्खनन के दौरान बाहर आए कंकालों को प्रशासन द्वारा पुनः सुरक्षित रूप से दफनाने की व्यवस्था भी कराई गई।
उन्होंने आमजनों से अपील की कि अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण जैसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें ताकि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
खनिज अधिकारी ने बताया कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए खनिज उड़नदस्ता दल लगातार कार्रवाई कर रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के कुल 108 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 29 लाख 51 हजार 560 रुपये की शास्ति राशि खनिज मद में जमा कराई गई है।
ग्राम खरेंगा में हुई इस कार्रवाई को प्रशासन की बड़ी और सख्त कार्रवाई माना जा रहा है। मामले में आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रहने की संभावना जताई जा रही है।



