नायब तहसीलदार विवाद पर बोले अजय चंद्राकर, कहा- दबाव नहीं, यह देखना होगा कि लक्ष्मण रेखा किसने लांघी

नायब तहसीलदार विवाद पर बोले अजय चंद्राकर, कहा- दबाव नहीं, यह देखना होगा कि लक्ष्मण रेखा किसने लांघी
रायपुर। सरगुजा जिले के सीतापुर में नायब तहसीलदार के साथ कथित मारपीट की घटना को लेकर प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार आंदोलनरत हैं। इस बीच मामले पर वरिष्ठ भाजपा विधायक अजय चंद्राकर का बयान सामने आया है। अजय चंद्राकर ने कहा कि किसी भी प्रकार का दबाव बनाने के बजाय यह देखना जरूरी है कि घटना की परिस्थितियां क्या थीं और आखिर लक्ष्मण रेखा किसने लांघी। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारियों के संगठन को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह किस प्रकार की जांच की मांग कर रहा है। किसी को पद से हटाने और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग करना अलग विषय है, जबकि घटना के कारणों की जांच अलग विषय है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की अपनी गरिमा और जिम्मेदारी होती है, इसलिए उनका सम्मान किया जाना चाहिए। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए।
गौरतलब है कि सीतापुर में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ कथित मारपीट का आरोप लगा है। घटना के बाद प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदारों में आक्रोश है। राजस्व अधिकारियों ने शुरुआत में मुख्य आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी। मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने पहले सामूहिक अवकाश लिया, फिर कलमबंद हड़ताल शुरू की और बाद में अनिश्चितकालीन कामबंद आंदोलन का ऐलान कर दिया। आंदोलन के चलते कई राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं।



