छत्तीसगढ़

यातायात सुविधा और नागरिक मनोरंजन को मिलेगा नया आयाम



धमतरी- जिले के समग्र शहरी विकास की दिशा में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बुधवार को शहर की प्रमुख फोरलेन सड़क परियोजनाओं एवं कांटा तालाब परिसर में विकसित किए जा रहे चौपाटी स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग द्वारा रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तक 4.4 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पेड़ों की कटाई और निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है तथा निर्माण कार्य जून के अंतिम सप्ताह अथवा जुलाई के प्रथम सप्ताह से प्रारंभ होने की संभावना है। वहीं सिहावा चौक से कुल्यारी तक लगभग 5 किलोमीटर सड़क को भी फोरलेन के रूप में विकसित किया जाएगा।
कलेक्टर ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान दोनों ओर पाथ-वे बनाए जाएंगे तथा भविष्य की पेयजल पाइपलाइन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अग्रिम व्यवस्था की जाएगी, जिससे बाद में सड़क खोदने की जरूरत न पड़े।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कांटा तालाब परिसर में लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही चौपाटी का भी जायजा लिया। उन्होंने चौपाटी तक सुगम पहुंच के लिए वैकल्पिक सड़क मार्ग और प्रवेश द्वार निर्माण के संबंध में आवश्यक समन्वय के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि इन परियोजनाओं से नागरिक सुविधाएं बेहतर होंगी और धमतरी को आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं भविष्य उन्मुख शहर के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।

Author Desk

Related Articles

Back to top button