भाजपा नेता अन्नामलाई का इस्तीफा नितिन नवीन ने किया स्वीकार

भाजपा नेता अन्नामलाई का इस्तीफा नितिन नवीन ने किया स्वीकार
चेन्नई। तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने स्वीकार कर लिया है। इस घटनाक्रम के बाद अन्नामलाई के अगले राजनीतिक कदम को लेकर अटकलों का दौर तेज हो गया है। बताया जा रहा है कि अन्नामलाई आज दोपहर 12 बजे सोशल मीडिया के माध्यम से अपने समर्थकों और आम जनता को संबोधित करेंगे। उनके इस संवाद पर राजनीतिक विश्लेषकों और समर्थकों की विशेष नजर बनी हुई है, क्योंकि इससे उनके भविष्य की रणनीति को लेकर कुछ संकेत मिल सकते हैं।
पूर्व आईपीएस अधिकारी अन्नामलाई ने वर्ष 2020 में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। अपनी प्रशासनिक पृष्ठभूमि और आक्रामक राजनीतिक शैली के कारण उन्होंने कम समय में ही राज्य की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वर्ष 2021 में उन्हें तमिलनाडु भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनके समर्थक उन्हें ‘सिंघम’ के नाम से भी संबोधित करते हैं। हाल के दिनों में अन्नामलाई की दिल्ली यात्रा और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ उनकी बैठकों ने राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दी थी। 2 जून को उन्होंने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इसके बाद चेन्नई, कोयंबटूर और अन्य प्रमुख शहरों में उनके समर्थकों द्वारा लगाए गए पोस्टरों ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दिया। पोस्टरों में उन्हें ‘थलाइवर’ (नेता) और ‘निडर सोच वाला नेता’ बताया गया था।



