छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने समाज प्रतिनिधियों से की मुलाकात, समस्याओं और सुझावों पर हुई विस्तृत चर्चा

पिछड़ा वर्ग समाज की आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगा मजबूत मंच- नेहरू राम निषाद



रायपुर- राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान रविवार को रायपुर स्थित राज्य अतिथि गृह ( पहुना ) में विभिन्न पिछड़ा वर्ग समाजों के प्रमुखों एवं प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, मांगों और सुझावों को गंभीरता से सुना। इस दौरान शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय, सामाजिक उत्थान तथा कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू राम निषाद, उपाध्यक्ष चंद्रकांती वर्मा, पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष आर.एस. विश्वकर्मा, लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा सहित विभिन्न पिछड़ा वर्ग समाजों के प्रमुख एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी प्रतिनिधियों ने अपने-अपने समाज से जुड़े मुद्दों, समस्याओं और अपेक्षाओं को आयोग अध्यक्ष के समक्ष रखा।
साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग पिछड़ा वर्ग समाजों के अधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना आयोग की प्राथमिकता है।
बैठक के दौरान प्रतिनिधियों ने शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, आरक्षण, आर्थिक सशक्तिकरण तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। आयोग अध्यक्ष ने सभी सुझावों और मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए सरकार और समाज की साझेदारी आवश्यक है। पिछड़ा वर्ग समाजों के उत्थान, सशक्तिकरण और सम्मानजनक भागीदारी के लिए आयोग निरंतर कार्य कर रहा है तथा समाज से प्राप्त सुझावों को नीति निर्माण और क्रियान्वयन की प्रक्रिया में महत्व दिया जाएगा।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। समाज प्रतिनिधियों ने आयोग अध्यक्ष के समक्ष अपनी बात रखने का अवसर मिलने पर संतोष व्यक्त किया। वहीं साध्वी निरंजन ज्योति ने सभी प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाए गए विषयों पर संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ आवश्यक पहल की जाएगी, ताकि पिछड़ा वर्ग समाजों के हितों का प्रभावी संरक्षण और विकास सुनिश्चित हो सके।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button