छत्तीसगढ़

कबाड़ चोरों के हमले में घायल एएसआई के बेटे की इलाज के दौरान मौत

रायपुर में निजी अस्पताल में 5 दिन बाद तोड़ा दम

कोरबा (प्रखर)। जिले से एक बेहद दुखद और आक्रोशित करने वाली खबर सामने आ रही है। 5 दिन पहले कबाड़ चोरों के जानलेवा हमले का शिकार हुए एएसआई रामनारायण रात्रे के पुत्र चंद्रमणि उर्फ डब्बू आखिरकार जिंदगी की जंग हार गए। रायपुर के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान चंद्रमणि की मौत हो गई है। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों और समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है।

बताया जा रहा है कि घटना 5 दिन पहले की है, जब सब इंस्पेक्टर के पुत्र चंद्रमणि उर्फ डब्बू अपने दोस्त अरविंद राठौर के साथ गाड़ी से जा रहे थे। इसी दौरान कबाड़ चोरों ने उनका पीछा किया और उन्हें रोककर बेरहमी से मारपीट की। आरोपियों ने चंद्रमणि के सिर, हाथ-पैर और सीने पर ताबड़तोड़ वार किए थे।

हमले के बाद चंद्रमणि को अत्यंत गंभीर हालत में रायपुर के निजी अस्पताल रेफर किया गया था। डॉक्टरों द्वारा की गई एक्स-रे और मेडिकल जांच में शरीर की कई हड्डियां फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई थी। इसके साथ ही चंद्रमणि के शरीर के अंदरूनी अंगों (इंटरनल ऑर्गन्स) को भी गंभीर नुकसान पहुंचा था, जिसके कारण उनकी स्थिति लगातार नाजुक बनी हुई थी और आज उन्होंने अस्पताल में अंतिम सांस ली।

इस संवेदनशील मामले में पुलिस प्रशासन की सुस्ती को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। पीडि़त खुद एक सब इंस्पेक्टर का बेटा था, इसके बावजूद घटना के 5 दिन बीत जाने के बाद भी मारपीट करने वाले मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से कानून व्यवस्था पर उंगलियां उठ रही हैं। चंद्रमणि की मौत की खबर मिलते ही उनके गृह जिले और समाज में शोक के साथ-साथ भारी आक्रोश है। समाज के प्रतिनिधियों और पीडि़त परिवार ने दो टूक शब्दों में ऐलान कर दिया है कि जब तक चंद्रमणि की जान लेने वाले कबाड़ चोरों और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक मृतक का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

Author Desk

Related Articles

Back to top button