पीएम मोदी फ्रांस और स्लोवाकिया की यात्रा पर रवाना, रक्षा सहयोग और वैश्विक साझेदारी पर रहेगा फोकस

पीएम मोदी फ्रांस और स्लोवाकिया की यात्रा पर रवाना, रक्षा सहयोग और वैश्विक साझेदारी पर रहेगा फोकस
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को फ्रांस और स्लोवाकिया की दो देशों की महत्वपूर्ण यात्रा पर रवाना हो गए। इस दौरे के दौरान रक्षा सहयोग, निवेश, तकनीक और वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा। यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री मोदी 13-14 जून को फ्रांस के नीस शहर का दौरा करेंगे। इस दौरान वे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों नेताओं के बीच भारत-फ्रांस विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा की जाएगी, जिसमें रक्षा सहयोग प्रमुख एजेंडा रहने की संभावना है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि नीस में आयोजित ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम में वे शामिल होंगे, जिसमें राष्ट्रपति मैक्रों भी उपस्थित रहेंगे। यह कार्यक्रम ‘भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष’ के तहत स्टार्टअप्स, नवोन्मेषकों और तकनीकी विशेषज्ञों को एक साझा मंच प्रदान करेगा।
फ्रांस के बाद प्रधानमंत्री मोदी 14 से 16 जून तक स्लोवाकिया की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। वर्ष 1993 में स्वतंत्रता के बाद यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की स्लोवाकिया की पहली आधिकारिक यात्रा होगी। इस दौरान वे स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको और राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी से मुलाकात करेंगे। व्यापार, निवेश, ऑटोमोबाइल और रेलवे विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की जाएगी। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
यात्रा के तीसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी 16-17 जून को फ्रांस के एवियां में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इस दौरान वे जी-7 देशों के नेताओं के साथ-साथ आमंत्रित देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों से वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। इसके बाद 18 जून को प्रधानमंत्री मोदी पेरिस जाएंगे, जहां वे कई द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेंगे। वे यूरोप के प्रमुख प्रौद्योगिकी एवं स्टार्टअप कार्यक्रम ‘विवाटेक समिट’ में भी शामिल होंगे। इस दौरान उनके भारतीय समुदाय को संबोधित करने की संभावना भी जताई जा रही है।



