प्रधानमंत्री मोदी का स्लोवाकिया दौरा : ट्रेड, निवेश, रक्षा और रेलवे सहयोग बढ़ाने पर फोकस

स्लोवाकिया की स्वतंत्रता के बाद किसी भी भारतीय पीएम की पहली यात्रा
ब्रातिस्लावा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा में मिले भव्य स्वागत के लिए भारतीय समुदाय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यहां मिला स्नेह, अपनत्व और गर्मजोशी वास्तव में विशेष और भावुक कर देने वाला अनुभव था। सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, ‘कल शाम ब्रातिस्लावा में मिला स्वागत वास्तव में विशेष था। भारतीय समुदाय के स्नेह और आत्मीयता के लिए मैं उनका आभारी हूं। ऐसे भावनात्मक संबंध हमारे लोगों को जोड़ते हैं और भारत-स्लोवाकिया मित्रता को और मजबूत बनाते हैं।’ पीएम मोदी का ये ऐतिहासिक दौरा है। 1993 में स्लोवाकिया की स्वतंत्रता के बाद किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा है, जिसे लेकर वहां रह रहे भारतीय समुदाय में भारी जोश और उत्साह देखने को मिल रहा है। पीएम मोदी अपनी इस यात्रा के दौरान स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको और राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी मुलाकात करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच ट्रेड, निवेश, रक्षा, ऑटोमोबाइल और रेलवे निर्माण में बढ़ावा देने पर बातचीत होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो देशों की यात्रा के दूसरे चरण में स्लोवाकिया पहुंच गए। यहां वे राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ बातचीत करेंगे और व्यापार जगत के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “यह यात्रा भारत-स्लोवाकिया संबंधों को और गहरा करने और सहयोग के नए अवसर तलाशने का अवसर प्रदान करती है। मैं राष्ट्रपति पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री फिको के साथ होने वाली उत्पादक बैठकों के लिए उत्सुक हूं।” प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले फ्रांस की यात्रा पर थे, जहां उन्होंने नीस में फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता की थी। फ्रांस दौरे के बाद अब वे स्लोवाकिया पहुंचे हैं, जहां उनकी दो दिवसीय यात्रा निर्धारित है।
महादेव कीर्तन प्रोजेक्ट को सुनकर मंत्र मुग्ध हुए पीएम मोदी
ब्रातिस्लावा में होटल पहुंचने पर स्लोवाकिया के म्यूजिक़ल ग्रुप महादेव कीर्तन प्रोजेक्ट ने आध्यात्मिक प्रस्तुति, जिसे सुनकर पीएम मोदी भी मंत्र मुग्ध हो गए। इस दौरान भारतीय लोगों में खासा जोश नजर आया। इसके अलावा स्लोवाकिया के प्रसिद्ध सांस्कृतिक समूह ल्यूक्निका एन्सेम्बल ने वंदे मातरम की मनमोहक प्रस्तुति भी दी। अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने स्लोवाकिया के मायावा क्षेत्र के प्रसिद्ध लोक कलाकार समूह कोपानिसियारिक की सांस्कृतिक प्रस्तुति भी देखी। उन्होंने कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि लोक परंपराएं किसी देश की संस्कृति और इतिहास को जीवित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम होती हैं।
अनुसार रोटी और नमक के साथ पारंपरिक स्वागत
उनके आगमन पर उनका स्वागत पारंपरिक रीति के अनुसार रोटी और नमक के साथ किया गया, जो स्लोवाकिया की गहरी सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। स्लोवाक संस्कृति में रोटी और नमक का स्वागत अतिथि-सत्कार, सम्मान और सद्भावना का प्रतीक माना जाता है। इसमें रोटी समृद्धि और जीवन-निर्वाह का संकेत देती है, जबकि नमक मित्रता, मूल्य और सुरक्षा का प्रतीक होता है। यह परंपरा स्लाविक संस्कृति में गहराई से जुड़ी हुई है और अतिथियों के प्रति सम्मान तथा अपनत्व व्यक्त करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। ब्रेड और नमक के साथ पारंपरिक स्वागत मेहमाननवाज़ी, सम्मान और सद्भावना का प्रतीक है।



