गुरु पूर्णिमा पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ हुआ गुरु वंदन कार्यक्रम

गुरु पूर्णिमा पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ हुआ गुरु वंदन कार्यक्रम
धमतरी। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय केंद्र में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ गुरु वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह से ही आश्रम परिसर में विशेष तैयारियां की गई थीं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने आध्यात्मिक गुरु का आशीर्वाद लेने केंद्र पहुंचे।
कार्यक्रम की शुरुआत ईश्वरीय महावाक्य (मुरली) के श्रवण से हुई। इसके पश्चात सभी ने लगभग 10 मिनट तक सामूहिक राजयोग मेडिटेशन कर आत्मिक शांति का अनुभव किया।
इसके बाद केंद्र संचालिका बीके सरिता बहन का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। श्रद्धालुओं ने उन्हें मंच पर सम्मानपूर्वक विराजित कर तिलक लगाया, शॉल ओढ़ाया, श्रीफल, पुष्पहार एवं गुलदस्ता भेंट कर उनका अभिनंदन किया। उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने उन्हें आध्यात्मिक मार्गदर्शक एवं सच्चे ज्ञान की प्रेरणा देने वाली गुरु स्वरूप मानते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर अधिवक्ता पार्वती वाधवानी ने कहा कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी केंद्र में प्रतिवर्ष गुरु पूर्णिमा का पर्व अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस दिन गुरु के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और समर्पण व्यक्त करते हुए उनके प्रेरणादायी वचनों का श्रवण किया जाता है तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया जाता है।
कार्यक्रम में पार्वती वाधवानी, सुषमा नंदा, ईश्वर प्रजापति, अमर भैया, महेशराम लखानी, गुप्ता बहन, प्रिया आडवाणी, जसपाल सिंह, राजू सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आशीर्वाद प्राप्त किया।



