धमतरी की बेटी मुमुक्षु बहन आस्था लूनिया की दीक्षा 10 दिसंबर 2026 को जयपुर में होगी
धमतरी की बेटी मुमुक्षु बहन आस्था लूनिया की दीक्षा 10 दिसंबर 2026 को जयपुर में होगी
धमतरी।- धमतरी शहर के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि शहर की धर्मनिष्ठ मुमुक्षु बहन कु. आस्था लूनिया (सुपुत्री श्री धनराज लूनिया एवं श्रीमती पूजा लूनिया) की पावन संयम दीक्षा आगामी 10 दिसंबर 2026 को राजस्थान की राजधानी जयपुर में पूज्य गुरु भगवंतों की पावन निश्रा में संपन्न होगी।
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर जयपुर में आयोजित भव्य धार्मिक समारोह में पूज्य आचार्य भगवंतों द्वारा मुमुक्षु बहन आस्था लूनिया को दीक्षा मुहूर्त प्रदान किया गया। इस दौरान उनकी संयम दीक्षा की तिथि 10 दिसंबर 2026 घोषित की गई। यह शुभ समाचार मिलते ही धमतरी सहित पूरे छत्तीसगढ़ के जैन समाज में हर्ष, उल्लास और श्रद्धा का वातावरण व्याप्त हो गया।
मुमुक्षु बहन आस्था लूनिया बचपन से ही धार्मिक एवं संस्कारित वातावरण में पली-बढ़ी हैं। नियमित जिनालय दर्शन, पूजा-अर्चना, स्वाध्याय, सामायिक, प्रतिक्रमण तथा गुरु भगवंतों के सत्संग और मार्गदर्शन ने उनके जीवन में धर्म एवं संयम के प्रति गहरी आस्था विकसित की। सांसारिक आकर्षणों से विरक्त होकर उन्होंने आत्मकल्याण के पथ को अपनाने का दृढ़ संकल्प लिया।
दीक्षा समारोह पूज्य गुरु भगवंतों की पावन निश्रा में जयपुर में भव्य रूप से आयोजित होगा, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। धमतरी एवं छत्तीसगढ़ से भी अनेक श्रद्धालु इस ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी अवसर के साक्षी बनने जयपुर पहुंचेंगे।
मुमुक्षु बहन आस्था लूनिया की आगामी संयम दीक्षा को लेकर लूनिया परिवार, धमतरी जैन समाज तथा समूचे छत्तीसगढ़ में उत्साह और आनंद का वातावरण है। समाजजनों ने इसे धमतरी के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि उनका संयम जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।



