छत्तीसगढ़

उफान पर नदी-नाले, प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट, नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडे ने जिलेवासियों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील

उफान पर नदी-नाले, प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट, नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडे ने जिलेवासियों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील

धमतरी। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित होने लगा है। लगातार बारिश से जिले के कई नदी-नाले, पुल-पुलिया, एनीकट, रपटे एवं जलाशय उफान पर हैं। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन एवं धमतरी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिलेवासियों से कहा है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए बिना आवश्यक कार्य के घरों से बाहर न निकलें। किसी भी नदी, नाले, पुल, पुलिया, रपटे अथवा एनीकट पर यदि पानी बह रहा हो तो उसे पार करने का प्रयास बिल्कुल न करें। तेज बहाव में छोटी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने अभिभावकों से विशेष आग्रह किया कि बच्चों को नदी-नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से रोकें तथा सुरक्षित स्थानों पर ही रखें।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडे ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सेल्फी लेने, नहाने, मछली पकड़ने अथवा घूमने के उद्देश्य से न जाएं। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करें। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन के आधिकारिक माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही विश्वास करें।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि तेज बहाव वाले स्थानों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। जलभराव वाले क्षेत्रों में वाहन लेकर जाने से बचें तथा केवल सुरक्षित और वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें। टूटे हुए बिजली के तार, विद्युत खंभों तथा जलमग्न क्षेत्रों से दूर रहें, क्योंकि ऐसे स्थानों पर करंट लगने का गंभीर खतरा बना रहता है।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा राहत एवं बचाव दलों को आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, जलभराव, दुर्घटना अथवा सहायता की आवश्यकता होने पर नागरिक जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के दूरभाष 07722-232249 पर सूचना दे सकते हैं। वहीं किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल सहायता के लिए डायल 112 पर संपर्क कर पुलिस एवं प्रशासन की मदद प्राप्त की जा सकती है।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडे ने संयुक्त रूप से जिलेवासियों से अपील की है कि वे धैर्य एवं संयम बनाए रखें, प्रशासन का सहयोग करें और अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि “आपकी सतर्कता ही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है।” प्रशासन एवं पुलिस की टीमें लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं।

Author Desk

Related Articles

Back to top button