गुरु पूर्णिमा पर जगतगुरु शंकराचार्य की वंदना, पं. राजेश शर्मा बोले— गुरु की कृपा से ही ईश्वर की प्राप्ति संभव
रुद्री स्थित साहू सदन में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया गुरु पूर्णिमा महोत्सव, प्रदेशभर से पहुंचे जगतगुरु के शिष्य
गुरु पूर्णिमा पर जगतगुरु शंकराचार्य की वंदना, पं. राजेश शर्मा बोले— गुरु की कृपा से ही ईश्वर की प्राप्ति संभव
रुद्री स्थित साहू सदन में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया गुरु पूर्णिमा महोत्सव, प्रदेशभर से पहुंचे जगतगुरु के शिष्य
धमतरी- सनातन संस्कृति के महान पर्व गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को धमतरी के रुद्री स्थित साहू सदन में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ गुरु वंदना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गोवर्धन मठ, पुरी के श्रीमज्जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज के दीक्षित शिष्य एकत्रित हुए और अपने पूज्य गुरुदेव के श्रीचरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन में गुरु भक्ति, वैदिक परंपरा और सनातन संस्कृति की गौरवशाली झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज के दीक्षित शिष्य पंडित राजेश शर्मा ने भी गुरु वंदना कर अपने सद्गुरु के प्रति अटूट श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु ही अज्ञान के अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं और मनुष्य को धर्म, कर्तव्य तथा राष्ट्रसेवा के मार्ग पर अग्रसर करते हैं।
पंडित राजेश शर्मा ने कहा कि गुरु की कृपा से ही ईश्वर की प्राप्ति संभव है। गुरु ही जीवन को सही दिशा देते हैं और उनके आशीर्वाद से व्यक्ति का जीवन सफल, सार्थक और लोककल्याणकारी बनता है। उन्होंने कहा कि पूज्य शंकराचार्य भगवान की कृपा, करुणा एवं दिव्य मार्गदर्शन हम सभी पर सदैव बना रहे। उनके पावन श्रीचरणों के दर्शन मात्र से जीवन धन्य और कृतार्थ हो जाता है। उनकी अमृतमयी वाणी, आध्यात्मिक चिंतन और राष्ट्रहित का संदेश समाज को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज भारतीय संस्कृति, सनातन धर्म और राष्ट्र चेतना के सशक्त संवाहक हैं। उनके मार्गदर्शन में समाज में आध्यात्मिक जागरण, सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना निरंतर सुदृढ़ हो रही है। गुरु के आदर्शों को अपनाकर ही समाज में नैतिकता, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का विस्तार संभव है।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से गुरु वंदना कर गुरुदेव के बताए मार्ग पर चलने तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज के अनेक शिष्य उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से सुनील साहू, नरेंद्र साहू, नागेश्वर मौर्य, बी.एल. श्रीवास्तव, एच.आर. सिन्हा, प्रदीप मिरानी, दिलीप सोनी तथा योगेश गांधी अपने परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी ने गुरु पूर्णिमा पर्व पर अपने सद्गुरु के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए समाज में धर्म, संस्कार, सेवा और राष्ट्रभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया।

