बारिश में भी नहीं थमा क्रिकेट का जुनून, धमतरी टर्फ प्रीमियर लीग सीजन-1 का भव्य समापन
'जूनियर बॉयज क्लब' ने जीता पहला खिताब, रोहित XI रही उपविजेता; 20 टीमों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों में बारिश भी नहीं रोक सकी खिलाड़ियों का जोश, युवाओं को खेलों और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने की अनूठी पहल बनी मिसाल

धमतरी- शहर में पहली बार आयोजित “धमतरी टर्फ प्रीमियर लीग (सीजन-1)” का मंगलवार को रोमांचक और यादगार अंदाज में समापन हुआ। 18 जुलाई से 28 जुलाई तक चले इस दस दिवसीय बॉक्स क्रिकेट टूर्नामेंट ने शहर के खेल प्रेमियों को भरपूर रोमांच दिया। समापन दिवस पर तेज बारिश के बावजूद खिलाड़ियों का जोश और दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा। मूसलाधार बारिश के बीच भी मुकाबला लगातार जारी रहा और खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया। धमतरी के इतिहास में यह पहला अवसर रहा जब इतनी बड़ी टर्फ क्रिकेट प्रतियोगिता बारिश के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
फाइनल मुकाबले में जूनियर बॉयज क्लब ने दमदार प्रदर्शन करते हुए रोहित XI को हराकर धमतरी टर्फ प्रीमियर लीग सीजन-1 की पहली चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। विजेता टीम के खिलाड़ियों ने जीत के बाद ट्रॉफी के साथ शानदार जश्न मनाया, वहीं उपविजेता टीम रोहित XI ने भी पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
प्रतियोगिता में कुल 20 टीमों ने भाग लिया था। सभी टीमों को 5-5 टीमों के चार समूहों में विभाजित किया गया था, जहां प्रत्येक टीम ने लीग चरण में चार-चार मुकाबले खेले। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और कई रोमांचक मैच अंतिम गेंद तक पहुंचे। धमतरी के युवा खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से साबित किया कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।
विजेता और उपविजेता को मिले आकर्षक पुरस्कार
प्रतियोगिता के समापन समारोह में विजेता टीम जूनियर बॉयज क्लब को ₹21,000 नगद राशि एवं आकर्षक विजेता ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं उपविजेता रोहित XI को ₹11,000 नगद राशि एवं उपविजेता ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए भी खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले शेखर यादव को प्रदान किया गया। उन्हें आयोजक समिति की ओर से स्मार्ट वॉच भेंट की गई।
बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार शुभम इद्दनानी को उत्कृष्ट बल्लेबाजी के लिए दिया गया, जबकि बेस्ट बॉलर का सम्मान मनीष साहू एवं हिमांशु साहू को संयुक्त रूप से मिला। दोनों खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स शूज प्रदान किए गए।
बेस्ट ऑलराउंडर का पुरस्कार रघुवीर बघेल को दिया गया। वहीं प्रथम सेमीफाइनल के मैन ऑफ द मैच भी रघुवीर बघेल रहे। द्वितीय सेमीफाइनल के मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार शेखर यादव को मिला।
फाइनल मुकाबले में अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन से टीम को जीत दिलाने वाले शेखर यादव को फाइनल मैन ऑफ द मैच चुना गया और उन्हें ट्रैकसूट देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा बेस्ट फील्डर का पुरस्कार छोटू साहू तथा बेस्ट फुर्तीला खिलाड़ी का पुरस्कार हिमाचल देवांगन को प्रदान किया गया।
युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने की सकारात्मक पहल
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करना, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा उन्हें मोबाइल की लत, नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करना था। यही कारण रहा कि पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के साथ-साथ शहरवासियों का भी भरपूर सहयोग मिला।
यह सफल आयोजन आयोजक रोहित शर्मा, संयोजक रघुवीर बघेल तथा संरक्षक पंडित राजेश शर्मा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। आयोजन समिति ने प्रतियोगिता की सफलता के लिए सभी खिलाड़ियों, सहयोगियों, प्रायोजकों, दर्शकों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में धमतरी टर्फ प्रीमियर लीग को और अधिक भव्य एवं व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।
बारिश के बीच सफल आयोजन और खिलाड़ियों के उत्साह ने यह साबित कर दिया कि यदि हौसले मजबूत हों तो कोई भी परिस्थिति खेल भावना को रोक नहीं सकती। धमतरी टर्फ प्रीमियर लीग का पहला सीजन शहर के खेल इतिहास में लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

