छत्तीसगढ़

महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग की स्थायी समिति की बैठक संपन्न, विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा

महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग की स्थायी समिति की बैठक संपन्न, विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा

 

धमतरी – जिला पंचायत धमतरी में महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग की स्थायी समिति की बैठक सभापति श्रीमती मोनिका देवांगन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में 17 मार्च 2026 को आयोजित पिछली बैठक के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा करते हुए विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों एवं बजट व्यय की विस्तृत समीक्षा की गई।

 

बैठक में आयुष विभाग द्वारा जिले में संचालित आठ राष्ट्रीय आयुष योजनाओं की जानकारी दी गई। इनमें स्कूलों में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए वयोमित्र-सियान जतन योजना, सुप्रजा योजना, स्वर्ण प्राशन अभियान, योग एवं योग शिक्षा, आंगनबाड़ी बच्चों को आयुर्वेदिक औषधि वितरण तथा कुपोषित बच्चों के आयुर्वेदिक उपचार जैसे कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।

 

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग द्वारा बताया गया कि जिले में घर-घर नल जल योजना का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा ग्राम समूह जल प्रदाय योजनाओं पर कार्य जारी है। ग्राम घुटुला की पेयजल समस्या, जल स्रोतों की शुद्धता बनाए रखने के लिए कुओं, हैंडपंपों एवं पानी की टंकियों में सोडियम हाइपोक्लोराइट घोल के उपयोग तथा 35 नए बोरवेल खनन की जानकारी दी गई। साथ ही ग्राम देवपुर में सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग पर भी चर्चा की गई।

 

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, अटल लैब में उपलब्ध जांच सुविधाओं, अस्पताल में उपलब्ध विशेषज्ञ चिकित्सकों, दवाइयों एवं उपकरणों की स्थिति की जानकारी ली गई। सभापति श्रीमती मोनिका देवांगन ने निर्देश दिए कि किसी भी पात्र मरीज को अनावश्यक रूप से निजी अस्पतालों में रेफर न किया जाए तथा शासकीय अस्पतालों में उपलब्ध सभी सुविधाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

 

बैठक में मुख्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत बुजुर्ग एवं अन्य जरूरतमंद हितग्राहियों को निःशुल्क कृत्रिम दांत उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य विभाग के बजट एवं व्यय, सामग्री क्रय एवं टेंडर प्रक्रिया की समीक्षा की गई। साथ ही स्कूलों एवं छात्रावासों में एचआईवी/एड्स जागरूकता, टीकाकरण कार्यक्रम तथा जनस्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को निर्देशित किया गया कि मेडिकल स्टोरों का संचालन केवल वैध लाइसेंसधारियों द्वारा ही सुनिश्चित किया जाए तथा मेडिकल दुकानों में नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जाए। बैठक में नशे की रोकथाम एवं बढ़ती आत्महत्या की घटनाओं पर गंभीर चर्चा करते हुए प्रभावी जनजागरूकता एवं समन्वित कार्ययोजना बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

 

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान पोषण ट्रैकर, बच्चों की ऊँचाई एवं वजन मापन, मगरलोड विकासखंड में पोषाहार वितरण, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, नोनी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना, सुपोषण चौपाल, सुकन्या समृद्धि योजना, महतारी वंदन योजना तथा सक्षम योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। सभापति ने विभिन्न योजनाओं के लिए प्राप्त बजट एवं व्यय की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से प्राप्त कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

 

बैठक में स्थायी समिति की सदस्य श्रीमती मीना डेमू साहू एवं श्रीमती गरिमा नेताम उपस्थित रहीं।

 

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती जगरानी एक्का, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक, जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. ए.एस. टोंडर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. प्रिया कंवर, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कार्यपालन अभियंता श्रीमती आशालता गुप्ता, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग से फणीश्वर पिथौरा तथा आयुष विभाग से डॉ. कृपाराम ठाकुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Back to top button